Cuet UG Registration 2023: संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) के लिए इस साल 14 लाख आवेदन मिले हैं। यह पिछले साल से 41 फीसदी ज्यादा है। आवेदन करने वालों में सबसे ज्यादा विद्यार्थी उत्तर प्रदेश से हैं। उसके बाद दिल्ली व बिहार के विद्यार्थी हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के चेयरमैन एम जगदीश कुमार ने बताया कि सबसे ज्यादा आवेदन दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में दाखिले के लिए मिले हैं। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) दूसरे व इलाहाबाद विश्वविद्यालय तीसरे स्थान पर है।
पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या पिछले साल के मुकाबले 31 फीसदी बढ़ी है। 2022 में इन राज्यों से 59,208 छात्र-छात्राओं ने आवेदन जमा किए थे, इस बार यह संख्या बढ़कर 77,365 हो गई है।
सीयूईटी-यूजी में 2022 में 90 विश्वविद्यालय थे। 2023 में इनकी संख्या बढ़कर 242 हो गई है। यह उल्लेखनीय वृद्धि स्नातक कक्षाओं में दाखिल के लिए सीयूईटी यूजी के एक लोकप्रिय विकल्प बनने का संकेत है।