दावा : दिल्ली में छात्रों को वापस जाने के लिए कहा गया
दिल्ली में गुरु हरगोबिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, एशिया पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ जसोला (दिल्ली) एआईएस असेसमेंट जोन, दिल्ली के नांगलोई में आकाश इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और पीतमपुरा में विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज सहित केंद्रों के छात्रों ने दावा किया कि तकनीकी खराबी और सर्वर की समस्या का हवाला देते हुए उन्हें वापस जाने के लिए कहा गया था।
यूजीसी प्रमुख बोले- सबको दोबारा मौका मिलेगा
वहीं, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने कहा कि सभी प्रभावित उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा का मौका मिलेगा। यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने कहा कि कुछ केंद्रों पर सर्वर की समस्या थी। सभी प्रभावित उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा का मौका मिलेगा। सीयूईटी यूजी का चौथा चरण बुधवार, 17 अगस्त को लगभग 3.6 लाख उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने के साथ शुरू हुआ था। हालांकि, कई केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ियां देखने को मिली है।
कुछ जगह दो घंटे देरी से शुरू हुई परीक्षा
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सीयूईटी यूजी में शामिल होने गए कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि उनकी परीक्षा निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे देरी से शुरू हुई। सीयूईटी के लिए पीतमपुरा जाने वाली देवयानी ने कहा कि हमने पहली पाली में परीक्षा शुरू होने के लिए दो घंटे तक इंतजार किया। कुछ छात्रों को तकनीकी गड़बड़ियों का हवाला देते हुए वापस भेज दिया गया। वहीं, एक अन्य छात्र ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि मैं पूरी तरह से हैरान हूं। चौथा चरण आयोजित किया जा रहा है और परीक्षा रद्द करना अभी भी जारी है। हमारे करिअर और अकादमिक जीवन के साथ ऐसा प्रयोग खिलवाड़ है।