CUET UG Exam 2026: सीयूईटी यूजी परीक्षा देशभर में और देश के बाहर स्थित परीक्षा केंद्रों पर 11 मई से शुरू होने वाली है। परीक्षा 31 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसी बीच, सीयूईटी यूजी परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र अलॉटमेंट को लेकर कई छात्रों में नाराजगी सामने आई है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने शिकायत की है कि उन्हें उनके चुने गए शहरों के बजाय दूर-दराज के परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, जिससे उन्हें यात्रा और रहने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है छात्रों की परेशानी?
परीक्षा देने वाले कई छात्रों को उनका परीक्षा केंद्र उनकी पसंद के शहर से दूर मिला है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। इस बारे में NTA को कई शिकायतें मिली हैं। एजेंसी के अनुसार, कुछ शहरों में उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा है, जबकि वहां CBT परीक्षा केंद्र सीमित हैं, इसी वजह से सभी को उनकी पसंद के शहर में सेंटर देना संभव नहीं हो पाया।
एनटीए ने क्या कहा?
NTA ने कहा है कि वह छात्रों की समस्याओं को समझ रहा है और सभी शिकायतों की समीक्षा कर रहा है। साथ ही, छात्रों से धैर्य रखने की अपील की गई है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस संबंध में नया अपडेट जारी किया जाएगा, ताकि छात्रों की परेशानी कम की जा सके।