CUET UG 2025 Exam Pattern: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2025) देने वाले छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अकाउंटेंसी विषय के प्रश्न पत्र पैटर्न में बदलाव किया है। अब छात्रों को यूनिट 5 से संबंधित प्रश्नों के बीच विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। यह संशोधित पैटर्न 22 मई से आयोजित होने वाली परीक्षाओं में लागू होगा।
इन छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मिलेगा मौका
एग्जाम 13 मई से शुरू होकर 3 जून 2025 तक चलेगा, लेकिन नए पैटर्न का लाभ सिर्फ उन छात्रों को मिलेगा जिनकी परीक्षा 22 मई या उसके बाद है। 13 से 16 मई के बीच अकाउंटेंसी की परीक्षा दे चुके छात्रों को फिर से परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा। वे चाहें तो पूर्व परीक्षा को ही मान्य कर सकते हैं या संशोधित पेपर में दोबारा शामिल हो सकते हैं।
एनटीए ने यह जानकारी nta.ac.in और cuet.nta.nic.in वेबसाइट्स पर जारी की है। अगर छात्रों को किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो वे 011-40759000 पर कॉल कर सकते हैं या cuet-ug@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।
CUET UG 2025: इन केंद्रों पर रद्द हुई परीक्षा
तकनीकी समस्याओं के कारण एनटीए ने कुछ परीक्षा केंद्रों पर 13 मई (शिफ्ट 2) और 14 मई (शिफ्ट 1 और 2) को हुई परीक्षा रद्द कर दी है। ये केंद्र काइट पॉलिटेक्निक, वावूसा, रंगरेथ, श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में स्थित हैं। यहां परीक्षा देने वाले करीब 76 छात्र प्रभावित हुए हैं। एनटीए इन छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा और नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
CUET UG 2025: इतने विषयों के लिए हो रही है परीक्षा
सीयूईटी यूजी 2025 परीक्षा 13 भाषा विषय, 23 डोमेन-स्पेसिफिक विषय और एक जनरल टेस्ट यानी कुल 37 विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। इस बार देशभर से 13 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। परीक्षा CBT मोड में पूरे देश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।