बारहवीं में मेरे अच्छे अंक नहीं आए हैं। मैं विदेशी भाषा में पढ़ाई करना चाहती हूं। क्या मैं इसमें अपना भविष्य बना सकती हूं?
मोनिका सक्सेना
वर्तमान समय में विदेशी भाषा में बहुत स्कोप है। यदि 12वीं में अच्छे अंक नहीं आए हैं और पसंदीदा कोर्स में दाखिला नहीं मिल सका है, तो ऐसे में कॅरियर की नई शुरुआत करने के लिए विदेशी भाषा से बेहतर कोई और विकल्प नहीं है। आज अधिकतर यूनिवर्सिटी में विदेशी भाषा पर आधारित कोर्स उपलब्ध हैं। यदि आप मन लगाकर और समयानुसार पढ़ाई करेंगी, तो आपको उक्त भाषा को लिखने, पढ़ने, समझने और बोलने में कोई परेशानी नहीं होगी। ट्रांसलेटर, इन्टरप्रेटर आदि के रूप में इससे संबंधित जॉब सरकारी अथवा प्राइवेट क्षेत्र में उपलब्ध होते हैं। बाद में मास्टर और पीएचडी करके स्कूलों एवं विश्वविद्यालयों में टीचिंग के काम से भी जुड़ा जा सकता है।
केमिस्ट्री में एमएससी कर रहा हूं। टीचिंग में कॅरियर बनाने के लिए मेरा मार्गदर्शन करें।
मनीष कुमार
टीचिंग के क्षेत्र में भरपूर रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। आप निजी क्षेत्र के स्कूलों और संस्थाओं में नौकरी प्राप्त कर सकते हैं। आपके पास संबंधित विषय में बैचलर्स डिग्री के साथ बीएड और कॉलेज के लिए मास्टर्स के साथ बीएड होने के अलावा नेट की परीक्षा उत्तीर्ण करना भी आवश्यक है। इसमें कॅरियर बनाने के लिए पीएचडी की योग्यता भी मददगार साबित होगी। निजी और सरकारी क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों और प्रोफेशनल संस्थानों में रोजगार की असीम संभावनाएं उपलब्ध हैं।