कोरोना महामारी से बचाव और रोकथाम के लिए भारत में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा हुआ है। इस दौरान स्कूलों ने विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। कई राज्यों ने दसवीं और 12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को छोड़कर सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का फैसला लिया है। अब इन राज्यों में आंध्र प्रदेश का नाम भी जुड़ गया है। यहां छठी से लेकर नौवीं तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। सभी विद्यार्थियों को पास घोषित करके अगली कक्षा में डाल दिया जाएगा। इस संबंध में आंध्र सरकार ने सर्कुलर जारी किया है।
आंध्र प्रदेश के अलावा केंद्रीय विद्यालय पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं। गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव की वजह से पहली से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट करने की घोषणा की है। राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़ सहित बहुत से राज्य कोरोना वायरस से बचाव के लिए दसवीं और 12वीं बोर्ड की बची हुई परीक्षाओं को स्थगित कर चुके हैं।
आपको बता दें कि कोरोना महामारी की वजह से पदुचेरी में भी पहली से लेकर नौवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ सीबीएसई ने विद्यार्थियों को खत लिखकर बताया है कि कोरोना की वजह से लगे लॉकडाउन में घर पर रहकर किस तरह से तैयारी करनी है।