रूस के अंतरिक्ष केंद्र में मिला अनोखा अनुभव
कैंप के दौरान धानवी को अंतरिक्ष यात्रियों के प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करने और सैटेलाइट निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखने का अनोखा मौका मिला। उन्होंने Movsta संस्था को धन्यवाद दिया, जिसकी बदौलत उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय अवसर मिला।
अपना अनुभव साझा करते हुए धानवी ने कहा, "मुझे देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह सब मेरी क्वांटम मैकेनिक्स में रुचि से शुरू हुआ, जिसने मुझे एस्ट्रोफिजिक्स और फिर एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की ओर प्रेरित किया। मैंने रूस के बेहतरीन कॉस्मोनॉट्स से बातचीत की, उनसे बहुत कुछ सीखा और अंतरिक्ष तकनीक को करीब से देखने का मौका मिला। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जैसा है।"
कितनी पढ़ी-लिखी हैं धानवी?
धानवी चेन्नई के वीरुगंबक्कम इलाके की रहने वाली हैं। उन्होंने हाल ही में कक्षा 12 की पढ़ाई एक निजी स्कूल से पूरी की और नीट परीक्षा दी है, क्योंकि वे आगे चलकर मेडिकल फील्ड में करियर बनाना चाहती हैं। पढ़ाई के साथ-साथ धानवी ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित ऑनलाइन क्वांटम मैकेनिक्स कोर्स भी पूरा किया है, जिसे उन्होंने एक निजी संस्थान के माध्यम से किया।
उनके पिता एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते हैं। धानवी की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों ने गर्व जताया। जब वे मॉस्को से लौटीं, तो चेन्नई एयरपोर्ट पर उनका शानदार स्वागत किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे तमिलनाडु के लिए गर्व का क्षण बनी।