चंद्रयान 2 अब से कुछ ही घंटों में चांद की सतह पर उतरेगा। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान 2 का लैंडर 'विक्रम' इसकी सॉफ्ट लैंडिंग कराएगा। भारत सहित पूरी दुनिया भारतीय समय के अनुसार 6 और 7 सितंबर की रात करीब 1.30 बजे से लेकर 2.30 बजे के बीच इन ऐतिहासिक पलों का गवाह बनेगी।
लेकिन भारत के कई बच्चों के लिए ये पल और भी खास होंगे। क्योंकि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठकर चंद्रयान 2 को चंद्रमा की सतह पर उतरते लाइव देख सकेंगे। सीधे बेंगलुरू स्थित इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क सेंटर से।
देश भर से कुल 74 छात्र-छात्राओं को यह सुनहरा मौका मिल रहा है। इन बच्चों ने खुद अपनी मेहनत से ये मौका हासिल किया है। इसरो द्वारा आयोजित स्पेस क्विज के जरिए इन सभी बच्चों का चयन किया गया है। इसके तहत देश के हर राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों से दो-दो बच्चों को चुना गया है।
गौरतलब है कि इसरो की ओर से यह ऑनलाइन क्विज 10 अगस्त 2019 से लेकर 25 अगस्त 2019 के बीच आयोजित की गई थी। इसमें कक्षा 8वीं से लेकर 10वीं तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। इस क्विज में चुने गए विद्यार्थियों को ई-मेल के जरिए उनके चयन की सूचना दी गई और चंद्रयान 2 की लाइव लैंडिंग इसरो सेंटर से देखने के लिए आमंत्रित किया गया।
ये भी पढ़ें : ISRO ने Chandrayaan 2 के लैंडर का नाम 'विक्रम' और रोवर का 'प्रज्ञान' ही क्यों रखा?
अब इन सभी बच्चों के नाम और उनके राज्य की पूरी सूची भी सामने आ गई है। आप वह पूरी सूची इस खबर में आगे देख सकते हैं। इसमें केंद्रीय विद्यालयों से कुल 16 बच्चे चुने गए हैं। हर राज्य से एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया गया है। इन बच्चों को इसरो चीफ के. सिवन से मिलने और पीएम मोदी से सवाल पूछने का भी मौका मिलेगा। इसके बाद इन्हें इसरो के वैज्ञानिकों से मिल कर अपनी जिज्ञासाएं शांत करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
सभी 74 बच्चों के नाम व राज्य की पूरी सूची देखने के लिए यहां क्लिक करें।
ये भी पढ़ें : चांद के जिस हिस्से पर जा रहा है Chandrayaan 2, वहां अब तक कोई नहीं जा पाया, जानें क्यों