एनएएस कॉलेज, मेरठ में एलएलबी की पहली ओपन मेरिट जारी हो गई है। मेरिट कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। जनरल की कटऑफ 65.96, ओबीसी की 59.8 और एससी की 55.15 फीसदी गई है। सूचना दी गई है कि गुरुवार को छात्र-छात्राएं कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर मेरिट में नाम देखकर एडमिशन ले लें। इस मेरिट से एडमिशन के लिए एक ही दिन दिया गया है।
दूसरी मेरिट लिस्ट 26 अगस्त को जारी की जाएगी। एडमिशन लेने वाले छात्र-छात्राओं को तीन फोटो, सभी वास्तविक प्रमाण पत्र, दो फोटो कॉपी, रजिस्ट्रेशन संख्या के साथ सुबह 10 बजे कॉलेज पहुंचना होगा। छात्र-छात्राओं को कॉलेज से फॉर्म लेकर फीस का ड्राफ्ट बनवाना होगा। ड्राफ्ट एनएएस कॉलेज के प्राचार्य के नाम पर बनेगा।
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी और एलएलबी में एडमिशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 30 अगस्त के बाद कोई एडमिशन नहीं होगा। बुधवार शाम तक सभी कोर्सों में 1,40,143 एडमिशन हो चुके हैं। यूजी और पीजी कोर्सों में 17 से 24 अगस्त तक विवि ने दोबारा पंजीकरण खोल रखे हैं। इनके प्रवेश 26 से 30 अगस्त तक होंगे। इसी दिन एडमिशन प्रक्रिया बंद हो जाएगी।
ये भी पढ़ें : ...तो UPSC परीक्षा में खत्म हो जाएंगे ये अहम पड़ाव, जानें क्या है प्रस्ताव
नए रजिस्ट्रेशन में मेरठ कॉलेज में खुले नए कोर्स पांच वर्षीय बीकॉम-एलएलबी और कैंपस में खोले गए अनुवाद डिप्लोमा कोर्स एवं बीए ऑनर्स हिंदी में भी आवेदन किए जा सकते हैं। जिन छात्र-छात्राओं ने 20 अगस्त तक ऑफर लेटर कॉलेजों में जमा किए थे, उनके लिए एडमिशन की अंतिम तिथि 23 अगस्त है।
एलएलबी में एडमिशन के लिए एनएएस कॉलेज में बुधवार दोपहर तक 180 सीटों पर 650 छात्र-छात्राओं ने ऑफर लेटर जमा किए। कॉलेज ने शाम को मेरिट लिस्ट बनाकर वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। गुरुवार सुबह इसे कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें : CWUR वर्ल्ड रैंकिंग में इस विश्वविद्यालय ने आईआईटी और जेएनयू को पछाड़ा