CBSE Compartment Form Last Date: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित 10वीं‑12वीं पूरक परीक्षा 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन का आखिरी दिन आज, 17 जून है। जिन छात्रों को इस वर्ष बोर्ड परिणाम में कंपार्टमेंट मिला है या जो किसी विषय में अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) करना चाहते हैं, वे CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in. पर 300 रुपये प्रति विषय की सामान्य फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
निजी उम्मीदवार जो 2025 में सीबीएसई कक्षा 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उपस्थित हुए थे और जिन्हें 'कम्पार्टमेंट' श्रेणी में रखा गया था, वे पूरक परीक्षाओं के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। इसके अलावा, निजी छात्र जो पहले ही उत्तीर्ण हो चुके हैं, लेकिन किसी विषय में अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, वे भी पंजीकरण करा सकते हैं।
गौरतलब है कि कम्पार्टमेंट वाले नियमित छात्रों को पूरक परीक्षाओं के लिए अपने संबंधित स्कूलों के माध्यम से आवेदन करना होगा, व्यक्तिगत रूप से नहीं।
सीबीएसई पूरक परीक्षा कार्यक्रम
सीबीएसई ने घोषणा की है कि कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं दोनों के लिए पूरक परीक्षाएं 15 जुलाई 2025 से शुरू होंगी। विस्तृत तिथि पत्र बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। कक्षा 10वीं के छात्र अधिकतम दो विषयों में उपस्थित हो सकते हैं। हालांकि, कक्षा 12वीं के छात्रों को केवल एक विषय में सुधार के लिए आवेदन करने की अनुमति है।
आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी दर्ज की गई जानकारी, विशेषकर विषय चयन और व्यक्तिगत विवरण, को दोबारा जांच लें, क्योंकि फॉर्म जमा करने के बाद किसी भी सुधार की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि लेट फीस 2,000 रुपये के साथ फॉर्म भरने की सुविधा 18‑19 जून तक उपलब्ध रहेगी। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि
पूरक परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जुलाई 2025 के पहले सप्ताह में उपलब्ध होने की उम्मीद है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे डेट शीट और एडमिट कार्ड जारी करने सहित अपडेट के लिए आधिकारिक सीबीएसई वेबसाइट देखते रहें।