CBSE Science Challenge 2026-27
- फोटो : AI Generated
विज्ञान सिर्फ किताबों में पढ़ने या परीक्षा में अच्छे नंबर लाने तक सीमित नहीं है। इससे हम नई चीजें सीखते हैं, सवाल पूछते हैं और समस्याओं का हल निकालना सीखते हैं। इसी सोच को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सत्र 2026-27 के लिए विज्ञान चुनौती प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है। इसमें सीबीएसई से जुड़े स्कूलों में कक्षा 8, 9 और 10 में पढ़ने वाले विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही, वे बेहतर तरीके से सोचने, तर्क करने और समस्याओं को हल करने की कला सीख सकेंगे। इसमें भाग लेने के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी।
पंजीकरण कब और कैसे होगा?
सीबीएसई के परिपत्र के अनुसार, पहले चरण के लिए स्कूलों का पंजीकरण 14 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक होगा। विद्यार्थियों को स्वयं अलग से आवेदन करने के बजाय अपने स्कूल के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। संबद्ध स्कूल निर्धारित पोर्टल https://cbseacad.it.nic.in/sc/ पर अपने विद्यालय के प्रवेश संबंधी विवरण से प्रवेश करके भाग लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या दर्ज करेंगे। इसके बाद पहले चरण की प्रतियोगिता स्कूल स्तर पर आयोजित की जाएगी। इसलिए इच्छुक विद्यार्थियों को अपने विज्ञान शिक्षक या स्कूल प्रशासन से संपर्क करना चाहिए, ताकि उनका नाम समय पर दर्ज हो सके।
पहले चरण की परीक्षा कब होगी?
विज्ञान चुनौती का पहला चरण 2 नवंबर से 13 नवंबर 2026 के बीच स्कूलों में आयोजित किया जाएगा। सीबीएसई 2 नवंबर को पंजीकृत स्कूलों के लिए बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला प्रश्नपत्र और मूल्यांकन संबंधी निर्देश उपलब्ध कराएगा। विद्यार्थियों को प्रश्न हल करने के लिए अधिकतम 60 मिनट मिलेंगे। इस प्रतियोगिता में केवल सही उत्तर देना ही महत्वपूर्ण नहीं होगा, बल्कि प्रश्नों को कितनी जल्दी और कितनी सटीकता से हल किया गया, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों को परीक्षा निष्पक्ष तरीके से कराने और सभी विद्यार्थियों के लिए समान समय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे चरण में कौन ले सकेगा हिस्सा?
पहले चरण में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक स्कूल आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा से दो-दो विद्यार्थियों का चयन करेगा। इस तरह हर पात्र स्कूल दूसरे चरण के लिए कुल छह विद्यार्थियों को नामांकित कर सकेगा। दूसरे चरण के लिए स्कूलों का पंजीकरण 17 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक होगा। चयन में प्रश्नों के सही उत्तर और उन्हें हल करने में लगे समय, दोनों को महत्व दिया जाएगा। यदि एक से अधिक विद्यार्थियों के अंक समान होते हैं, तो कम समय में प्रश्न हल करने वाले विद्यार्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। दूसरे चरण में वही स्कूल भाग ले सकेंगे जिन्होंने पहले चरण की प्रक्रिया पूरी की होगी।
दूसरे चरण की परीक्षा कब होगी?
सीबीएसई के अनुसार, दूसरे चरण की प्रतियोगिता कंप्यूटर आधारित होगी। इसका आयोजन संभावित रूप से 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 के बीच किसी एक दिन किया जाएगा। परीक्षा की निश्चित तारीख और विस्तृत दिशा-निर्देश बाद में संबंधित स्कूलों को बताए जाएंगे। दूसरे चरण में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को बोर्ड की ओर से ऑनलाइन भागीदारी प्रमाणपत्र दिया जाएगा। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र भी मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी अभी से विज्ञान की मूल अवधारणाओं, तर्कशक्ति और प्रश्न हल करने की गति पर ध्यान दे सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए स्कूल सीबीएसई के आधिकारिक परिपत्र को देख सकते हैं।