सीबीएसई ने टर्म-2 परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत सेंटर के प्रवेश गेट पर थर्मल स्कैनिंग के बाद ही एंट्री मिलेगी। इसके अलावा मास्क लगाना भी अनिवार्य किया गया है। छात्र-छात्राओं को पानी की बोतल भी लानी होगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं के टर्म-2 की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होने जा रही हैं। कोरोना से बचाव के मद्देनजर एक कक्षा में 18 छात्र ही परीक्षा दे सकेंगे। पहले एक कक्षा में 24 छात्रों को बैठकर परीक्षा देने की अनुमति थी।
विज्ञापन
परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट पर थर्मल स्कैनिंग व सैनिटाइजेशन के बाद ही छात्रों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। परीक्षा सेंटर पर छात्रों को पानी की बोतल व सैनिटाइजर लेकर आना होगा। दो गज की सामाजिक दूरी का हर समय पालन करना होगा।
कोरोना महामारी के कारण बोर्ड ने सेंटरों को निर्देश दिए हैं कि उन्हें कोविड से बचाव की सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। छात्रों, सुपरिंटेंडेंट व अन्य स्टॉफ को हर समय मास्क लगाना अनिवार्य किया है। बोर्ड ने ऑनलाइन एग्जाम सेंटर मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था भी की है।
इसके तहत सेंटर पर परीक्षा पूरी होते ही उस पर सारी जानकारी सेंटर सुपरिंटेंडेंट को अपलोड करनी होगी। यह कार्य प्रतिदिन किया जाएगा। इस पर छात्रों की उपस्थिति, नकल की जानकारी, मधुमेह से पीड़ित छात्रों की जानकारी, दिव्यांग छात्रों की संख्या और उनको दिए जाने वाले अतिरिक्त समय की जानकारी भी देनी होगी। परीक्षा सेंटर पर सीसीटीवीी कैमरे की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विज्ञापन
10 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा
परीक्षा के लिए सेंटर पर प्रवेश नौ बजे से मिलना शुरू हो जाएगा। सुबह 9.45 तक छात्र कक्षा में पहुंच सकेंगे। दस बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 10.30 बजेे से 1.30 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को नीले या काले स्याही या जेल पेन से परीक्षा देनी होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों को स्कूल परिसर में रुकने की इजाजत नहीं होगी।