स्कूलों में बच्चों को हेल्दी लाइफ के लिए करें जागरूक
सीबीएसई ने सभी स्कूलों से कहा है कि वे अपने छात्रों और स्टाफ को तेल वाले खाने के नुकसान और सेहतमंद जीवनशैली के बारे में जागरूक करें। इसके लिए स्कूल नीचे दिए गए आसान तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
- ऑयल बोर्ड लगाना: स्कूलों के कैफेटेरिया, लॉबी, मीटिंग रूम जैसे सार्वजनिक जगहों पर ऑयल बोर्ड या पोस्टर (डिजिटल या प्रिंट) लगाए जाएं, जिससे बच्चे और स्टाफ समझ सकें कि ज्यादा तेल वाला खाना सेहत के लिए हानिकारक है।
- स्टेशनरी पर हेल्थ मैसेज: स्कूल अपनी स्टेशनरी जैसे लेटरहेड, लिफाफे, नोटपैड आदि पर स्वास्थ्य संबंधी संदेश प्रिंट करें, ताकि हेल्दी रहने की याद हर बार मिले।
- स्वस्थ खान-पान और एक्सरसाइज को बढ़ावा: स्कूलों में बच्चों को फल, सब्जियां और कम वसा वाला खाना खाने के लिए प्रोत्साहित करें। मीठे और बहुत ज्यादा तले हुए स्नैक्स की मात्रा कम करें। इसके अलावा, बच्चों को सीढ़ियां चढ़ने, छोटे व्यायाम ब्रेक लेने, और पैदल चलने जैसी एक्टिविटी करने के लिए कहें।
स्कूलों में हेल्दी जीवनशैली के लिए सीबीएसई का आग्रह
सीबीएसई ने स्कूलों को सुझाव दिया है कि वे छात्रों और कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल परिसर में "ऑयल बोर्ड" लगाएं। इसके लिए बोर्ड ने कुछ नमूना डिजाइन (अनुलग्नक-I) भी दिए हैं, जिन्हें स्कूल अपनी जरूरत के अनुसार बदल सकते हैं। साथ ही, छात्र भी अनुभव आधारित शिक्षा के तौर पर ऐसे बोर्ड बनाकर हिस्सा ले सकते हैं।
इसके अलावा, स्कूल FSSAI के यूट्यूब चैनल पर जाकर वीडियो, पोस्टर आदि देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर iec@fssai.gov.in पर ईमेल कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अंत में, सीबीएसई ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे यह जरूरी कदम उठाएं ताकि बच्चों को एक स्वस्थ और तंदुरुस्त भविष्य की ओर बढ़ाया जा सके।
यहां देखें नोटिस