कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण स्कूल बंद हैं। हालांकि स्कूल बंद होने से पहले ही काफी स्कूलों में परीक्षाएं समाप्त हो गई थीं और अगली कक्षाओं की पढ़ाई शुरू हो गई थी। स्कूल बंद होने के बावजूद बच्चे ई कंटेंट के माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकते हैं। इसके लिए वह सीबीएसई के दीक्षा एप व एनसीईआरटी की ई-पाठशाला एप से लर्निंग मैटीरियल व पाठ्यपुस्तकों का लाभ ले सकते हैं। दीक्षा एप एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिस पर स्कूली पाठ्यक्रम के आधार पर शिक्षकों, छात्रों व अभिभावकों के लिए लर्निंग मैटीरियल उपलब्ध है।
इस पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नों के बैंक भी हैं। इसमें सभी कोर विषयों गणित, साइंस, अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र व अन्य विषयों के प्रश्नों को शामिल किया गया है। इसमें प्रश्नों के साथ-साथ उनके जवाब भी हैं। यह केवल अभ्यास प्रश्न हैं। इस एप को आईओएस और गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें-
सीबीएसई ने स्कूलों से ऐसी ई-सामग्री का प्रयोग करने को कहा है। वहीं एनसीईआरटी के ई-पाठशाला पोर्टल और एप के माध्यम से 9वीं व 12वीं के छात्र काफी रोचक सामग्री प्राप्त कर सकते हैं। वहीं एनसीईआरटी ने 9वीं से 12वीं के छात्रों के विभिन्न विषयों के लिए 28 कोर्स मॉड्यूल भी विकसित किए हैं। इस पोर्टल पर छात्रों के लिए 1886 ऑडियो, 2000 वीडियो, 696 ई-बुक्स, 505 फ्लिप बुक्स उपलब्ध हैं।
छात्र घर बैठे आसानी से इनका लाभ ले सकते हैं। इस पोर्टल को डाउनलोड किया जा सकता है। शिक्षकों का भी कहना है कि इस तरह की ई-सामग्री उनके पढ़ाने में काफी मददगार साबित हो रही है। यह जानकारी सामने आने के बाद स्कूलों ने भी इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। इस तरह से तकनीक के माध्यम से छात्र ऑनलाइन कक्षाएं लेकर अपनी पढ़ाई को पहले की तरह जारी रख सकते हैं।