केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई द्वारा कक्षा 12वीं की टर्म-1 परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार यानी 13 दिसंबर 2021 को अकाउंट्स की परीक्षा होगी। अक्सर कर इस विषय से न्यूमेरिकल व थ्योरी आधारित डिस्क्रिप्टिव प्रश्न पूछे जाते थे। हालांकि परीक्षा पैटर्न में हुए बदलावों के कारण अब यह प्रश्न एमसीक्यू फॉर्मेट में पूछे जाएंगे। ऐसे में अच्छे अंक हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को सभी चैप्टर्स को परीक्षा से पहले ध्यान से पढ़ना होगा। हालांकि परीक्षा में अब ज्यादा समय नहीं बचा है इसलिए अमर उजाला की एजुकेशन टीम ने विषय विशेषज्ञ पूजा चौहान से बातचीत कर एग्जाम की तैयारी करने के लिए कुछ टिप्स साझा किए हैं। यदि आप कक्षा बारहवीं के छात्र हैं, और अकाउंट्स विषय की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पढ़िए...
छात्रों को परीक्षा केंद्रों में ही प्रश्न पत्र, ओएमआर शीट के साथ रफ शीट दी जाएगी। इस रफ शीट का इस्तेमाल छात्र न्यूमेरिकल के प्रश्नों को हल करने के लिए कर सकते हैं। कई बार अभ्यर्थियों को यह भ्रम होता है कि रफ शीट पर किए गए न्यूमेरिकल प्रश्नों का भी मूल्यांकन होता है। हालांकि यह सत्य नहीं है। रफ शीट का मूल्यांकन नहीं किया जाता है।