केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कोरोना महामारी की वजह से सत्र 2020-21 में दसवीं व बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प दिया है। सीबीएसई द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अगर कोई भी परीक्षार्थी कोरोना महामारी की वजह से अपने शहर में उपस्थित नहीं हैं और आवंटित परीक्षा केंद्र पर आने में असमर्थ हैं, तो इस स्थिति में वह प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) व सैद्धांतिक (थ्योरी) परीक्षा का केंद्र बदल सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को स्कूल से परीक्षा केंद्र बदलने के लिए निवेदन करना होगा। साथ ही वे जिस स्कूल में परीक्षा केंद्र चाहते हैं, विद्यार्थियों को उस विद्यालय को भी सूचित करना होगा।
विद्यार्थी को आवंटित परीक्षा केंद्र बदलने के लिए 25 मार्च तक स्कूल में आवेदन करना होगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। अगर कोई विद्यार्थी अपने ही शहर में दूसरा परीक्षा केंद्र चाहता है तो वह भी आवेदन कर सकता है। इस संबंध में अंतिम निर्णय सीबीएसई का होगा। अगर विद्यार्थी सैद्धांतिक (थ्योरी) और प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) दोनों ही परीक्षाओं का केंद्र बदलना चाहते हैं तो वह भी आवेदन कर सकते हैं। उन्हें बोर्ड द्वारा दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग स्कूल में केंद्र दिया जाएगा। बोर्ड ने दूसरे देश के सीबीएसई परीक्षार्थियों को भी केंद्र बदलने की अनुमति प्रदान की है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि जो परीक्षार्थी केंद्र बदल कर परीक्षा देंगे, उनके अंक अपलोड करते वक्त विद्यालयों को विद्यार्थी के रोल नंबर और नाम के आगे ट्रांसफर लिखना होगा। बता दें, सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा 4 मई से 7 जून 2021 तक आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 4 मई से 14 जून 2021 तक होंगी। सीबीएसई के अनुसार विद्यार्थियों को उनका परिणाम अपने ही क्षेत्रीय कार्यालय से मिलेगा। चाहे विद्यार्थी किसी भी शहर या केंद्र से बोर्ड परीक्षा दें, लेकिन उनका रिजल्ट केवल क्षेत्रीय कार्यालय से ही प्रकाशित किया जाएगा।