सीबीएसई : 10वीं 21.16 लाख तो 12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे 14.54 लाख परीक्षार्थी
सीबीएसई टर्म- 2 बोर्ड परीक्षाओं के लिए 35 लाख से अधिक छात्र उपस्थित हो रहे हैं। जहां कक्षा 10वीं की 2 परीक्षा के लिए 21,16,209 छात्रों ने पंजीकरण कराया है, और वहीं, 14,54,370 छात्रों ने कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में बैठने के लिए पंजीकरण कराया है।
बोर्ड ने भारत में और विदेशों में 26 देशों में परीक्षाओं के संचालन के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। कक्षा 10वीं सीबीएसई टर्म-2 परीक्षा देश भर में 7,406 केंद्रों में आयोजित की जा रही है, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा 6,720 केंद्रों में आयोजित हो रही है।
टर्म-1 या टर्म-2 सिर्फ एक परीक्षा देने वाले भी होंगे पास
इससे पहले सोमवार सुबह 11 बजे सीबीएसई ने टर्म-2 परीक्षा 2022 के तौर-तरीकों पर एक लाइव वेबिनार आयोजित किया था। इस वेबिनार में सीबीएसई कहा कि जिन लोगों ने टर्म-1 या टर्म-2 की कोई एक परीक्षा छोड़ दी है, तो भी वे फेल नहीं होंगे। दोनों में से एक परीक्षा में उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ग्रेड प्रदान की जाएगी।
हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यदि छात्र सीबीएसई द्वारा आयोजित टर्म -1 और टर्म -2 दोनों परीक्षाओं में शामिल होने में विफल रहता है, तो उसे फेल ही माना जाएगा। साथ ही इस साल कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को अगले साल परीक्षा में शामिल होना होगा।