14 फरवरी सीबीएसई की अध्यक्ष अनिता करवाल ने बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों को अनूठे अंदाज में संदेश दिया है। उन्होंने छात्रों से कहा कि पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने दिमाग के ‘वेब ब्राउजर’ को खोलें, दक्षताओं और जीवन कौशलों को ‘‘डाउनलोड’’ करें तथा ध्यान भटकाने वाली सभी चीजों को ‘‘फायरवॉल’’ (कम्प्यूटर की सुरक्षा के लिए प्रयुक्त सॉफ्टवेयर) करें तथा परीक्षाओं को अपनी जिंदगी के यूआरएल की तरह समझें।
सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही और यह तीन अप्रैल तक चलेंगी जबकि दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 21 फरवरी को शुरू होंगी और 29 मार्च को खत्म होंगी।
छात्रों से उन्हीं की तकनीकी भाषा में संवाद की कोशिश करते हुए सीबीएसई प्रमुख ने कहा, ‘‘अपनी किताबों को फेस करें और अपनी पढ़ाई को ‘इंस्टा’ करें तथा हैशटैग ‘स्टूडेंट्सस्टॉपेबल’ को ट्रेंड करें।’’
उन्होंने छात्रों को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘स्कूल के दिन छात्रवृत्तियों और शिक्षा के लिए सबसे अच्छे दिन होते हैं क्योंकि इन दिनों में छात्रों के ‘हार्ड डिस्क’ की जगह ग्रहणशील होती है। अपने दिमाग के ‘वेब ब्राउजर’ को खुला छोड़ दें तथा जीवन की कई दक्षताओं और कौशलों को ‘डाउनलोड’ करें।’’