विद्यार्थियों की जानकारी भरने में बरतें सावधानी
वेबिनार में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के नाम समेत अन्य व्यक्तिगत विवरण में सुधार से जुड़े सवाल पूछे। इसके अलावा विषयों के चयन और बदलाव, एलओसी का डाटा जमा करने और उसके सत्यापन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण तथा शुल्क संबंधी प्रावधानों को लेकर भी स्कूलों की शंकाओं का समाधान किया गया।
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एलओसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
यह प्रक्रिया देशभर के साथ 26 देशों में संचालित करीब 32 हजार सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों से जुड़ी है। ऐसे में बोर्ड ने स्कूलों को विद्यार्थियों की जानकारी सही तरीके से दर्ज करने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
विषयों के संयोजन की जानकारी भी सही भरना जरूरी
बोर्ड ने पंजीकरण और एलओसी के दौरान विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण के साथ-साथ विषयों के संयोजन की जानकारी भी सही दर्ज करने पर जोर दिया। स्कूलों को शुल्क संबंधी नियमों का पालन करने और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) से जुड़े प्रावधानों को सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए।