CBSE Class 10 and class 12 date sheet 2020: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE - Central Board of Secondary Education) की ओर से शैक्षणिक वर्ष 2020 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी किया जा चुका है। बोर्ड ने मंगलवार, 17 दिसंबर 2019 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दोनों कक्षाओं के लिए बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी की। लेकिन अब इसे लेकर देशभर से छात्र और अभिभावक नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वे अपनी मांग को सोशल मीडिया के माध्यम से भी सीबीएसई तक पहुंचा रहे हैं।
छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि प्रमुख विषयों की परीक्षा की तैयारी के लिए मिलने वाला समय काफी कम रखा गया है। डेटशीट इस तरह बनाई गई है, जिसमें छात्रों को प्रमुख विषयों की तैयारी के लिए समय ही नहीं मिल पाएगा। जबकि कुछ वैकल्पिक व आसान विषयों की परीक्षा में काफी दिनों का अंतर दिया गया है।
ये शिकायत ज्यादा वे छात्र कर रहे हैं जो वाणिज्य संकाय (Commerce Stream) के हैं। देश के ज्यादातर छात्र सीबीएसई से मांग कर रहे हैं कि प्रमुख विषयों की परीक्षा में सात दिनों का अंतराल दिया जाए। देशभर से छात्रों व अभिभावकों की ये मांग सोशल मीडिया पर आ चुकी है। खासतौर पर ट्विटर पर सीबीएसई (CBSE), मानव संसाधन विकास मंत्रालय (MHRD), केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक (HRD Minister Ramesh Pokhriyal Nishank) और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO India) को टैग कर अपनी मांग रख रहे हैं।
ये भी पढ़ें : NEET 2020: आवेदन को लेकर एनटीए ने जारी की जरूरी सूचना, छात्र जरूर पढ़ें
कुछ ने तो अपनी एक अलग मॉक डेटशीट बनाकर सीबीएसई को ट्वीट किया है, जिसमें सलाह दी है कि छात्रों की मांग पूरी करने के लिए बोर्ड क्या कर सकता है।
हालांकि इन मांगों पर अभी तक सीबीएसई की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हालांकि बोर्ड ने ये कहा है कि इस साल 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए 30 हजार से ज्यादा विषयों को शामिल किया गया है, जो छात्रों ने देशभर से चुने थे। बोर्ड ने ये भी कहा था कि डेटशीट बनाते समय विद्यार्थियों की सुविधा और मुख्य विषयों के बीच समय अंतराल का ध्यान रखा गया है। साथ ही दिल्ली विवि में दाखिले के शेड्यूल का भी ध्यान रखा गया है।
ये भी पढ़ें : CBSE EXAM 2020: 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी, देखें पूरी डेट शीट