कब-कब होंगी परीक्षाएं?
नए नियमों के अनुसार, सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं की मुख्य या पहली परीक्षा फरवरी में शुरू होगी। दूसरी परीक्षा मई महीने में आयोजित की जाएगी।
क्या दोनों परीक्षाएं देना अनिवार्य होगा?
परीक्षा दो चरणों में होगी। सभी छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा, जबकि दूसरा चरण वैकल्पिक होगा। इसमें नंबर सुधारने के इच्छुक छात्र हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा, एक बार ही इंटर्नल असेसमेंट होगा।
जिनकी सप्लीमेंट्री आएगी, उनका क्या होगा?
पहली परीक्षा में शामिल होने के बाद जिन छात्रों की सप्लीमेंट्री आएगी, ऐसे छात्रों को कम्पार्टमेंट श्रेणी के तहत दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अतिरिक्त विषयों की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कितने विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकते हैं?
सभी पास और पात्र छात्रों को विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अच्छा प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा।
दूसरी परीक्षा में किन छात्रों को मिलेगा मौका?
जो छात्र ज्यादा से ज्यादा तीन विषयों की दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं या जिनके रिजल्ट में कंपार्टमेंट आई है, वही छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
किन्हें नहीं मिलेगा मौका?
अगर कोई छात्र पहले चरण की परीक्षा में 3 या उससे अधिक विषयों में शामिल नहीं हुआ है, तो उसे दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे छात्रों को "आवश्यक पुनरावृत्ति" श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे छात्र अगले वर्ष फरवरी में आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा में ही शामिल हो सकेंगे।
स्पोर्ट्स के छात्रों को कैसे मिलेगा इसका लाभ?
स्पोर्ट्स के छात्रों को उन विषयों की दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी, जिनकी परीक्षाएं खेल आयोजन के साथ मेल खाएंगी। विंटर बाउंड स्कूलों के छात्र प्रस्तावित विषयों में पहली परीक्षा या दूसरी परीक्षा में बैठने का विकल्प चुन सकते हैं।
कब जारी होंगे रिजल्ट?
पहली परीक्षा का परिणाम अप्रैल माह में घोषित किया जाएगा, जबकि दूसरी परीक्षा का परिणाम जून माह में घोषित किया जाएगा। योग्यता प्रमाण पत्र दूसरी परीक्षा के बाद ही जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 2026 से साल में दो बार होगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा, सीबीएसई ने दी मानदंडों को मंजूरी
सिलेबस को लेकर क्या है नियम?
दोनों परीक्षाएं निर्धारित सेलेबस के आधार पर आयोजित करवाई जाएगी। परीक्षा का पैटर्न भी दोनों परीक्षाओं में एक जैसा ही रहेगा। बता दें कि परीक्षा के केंद्र भी एक ही रहेंगे।
11वीं में प्रवेश के लिए नियम
मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण न होने वाले विद्यार्थियों को ग्यारहवीं कक्षा में अनंतिम प्रवेश दिया जाएगा तथा द्वितीय परीक्षा के परिणाम के आधार पर उनका प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
ये शर्तें भी जानना जरूरी
पहली परीक्षा में उपस्थित होना और एलओसी भरना अनिवार्य है। दूसरी परीक्षा के लिए अलग से एलओसी भरी जाएगी। दूसरी परीक्षा के एलओसी में कोई नया नाम नहीं जोड़ा जाएगा। पहली परीक्षा से द्वितीय परीक्षा में विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।