Rigging in NEET UG Exam: तीन अन्य को भी हिरासत में लिया
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने असली उम्मीदवारों की जगह परीक्षा देने वाले मास्टरमाइंड समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल, हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सीबीआई की ओर से गिरफ्तार किए और हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान सुशील रंजन, बृजमोहन सिंह, कृष्णा शंकर योगी, सन्नी रंजन, पप्पू, रघुनंदन, जीपू लाल, उमाशंकर गुप्ता, निधि, हेमेंद्र और भरत सिंह के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : NEET UG 2022: डॉक्टर बनने की होड़ में बेटियां आगे, 18.72 लाख में से 10.64 लाख छात्राएं
सीबीआई और एनटीए ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
सीबीआई और एनटीए को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली व हरियाणा में कई केंद्रों पर नकल कराने वाले गिरोह सक्रिय हैं। यह आरोपी असली उम्मीदवार की जगह बतौर डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने के इरादे से पहुंचे थे। इन्होंने असली अभ्यर्थियों के यूजर आईडी और पासवर्ड में संशोधन भी कर दिया था। वहीं परीक्षा में शामिल होने के लिए डमी उम्मीदवारों की फोटो के आकार में बदलाव भी कर दिया। एजेंसी ने बताया कि उम्मीदवारों की ओर से इन सॉल्वर और डमी कैंडिडेट्स को मोटी धनराशि दी गई थी।
18.72 लाख उम्मीदवारों ने कराया था पंजीकरण
सीबीआई के सूत्रों ने जांच एजेंसी के द्वारा की गई इस कार्रवाई की जानकारी दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी इसकी पुष्टि की है। स्नातक स्तर के मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट यूजी परीक्षा रविवार को आयोजित की गई थी। परीक्षा देश-विदेश के 550 से अधिक शहरों में आयोजित हुई। परीक्षा के लिए 18.72 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 18 लाख से अधिक यानी 99 फीसदी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।