फर्क समझें
अच्छे पेशेवर बाकियों से अलग इसलिए दिखते हैं, क्योंकि वे ऐसे निर्णय लेने में माहिर होते हैं, जो संगठन को सफलता की ओर ले जाता है। सफल लीडर परिचालन और रणनीतिक निर्णयों के बीच के अंतर को बेहतर ढंग से समझते हैं। परिचालन निर्णय दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों पर आधारित होते हैं, जबकि रणनीतिक निर्णय लेना काफी कठिन काम होता है। इसके लिए आपको एक व्यापक दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है, क्योंकि आपके फैसले संस्था के विकास और भविष्य का आधार बनते हैं।
'फाइव डब्ल्यू' फ्रेमवर्क
यदि आप अपने करिअर के शुरुआती पड़ाव पर हैं, तो अपने निर्णयों को प्रभावी बनाने के लिए आपको 'फाइव डब्ल्यू' यानी कौन?, क्या?, कब?, क्यों? और कैसे? फ्रेमवर्क का उपयोग करना चाहिए। यह एक कारगर तकनीक है, जो आपको अपने विचारों को दूसरों से साझा करने की हिचकिचाहट से बचा सकती है। इस फ्रेमवर्क का उपयोग करके आप बेहतर निर्णय ले सकते हैं।
सही और गलत की पहचान
अपने मूल मूल्यों को जानने से निर्णय लेना अधिक नैतिक और आसान हो जाता है। इसलिए एक पेशेवर के रूप में बेहतर फैसले लेने से पहले आपको अपने मूल्यों को समझना होगा। कामयाब होने के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्या है?, इसकी पहचान करें। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया आसान हो जाती है।
निर्णयों में स्पष्टता हासिल करने के लिए अतीत में लिए गए अपने कुछ फैसलों का मूल्यांकन करें। इससे आपको सही और गलत की पहचान करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, अपने फैसले में पारदर्शिता बनाएं रखें, इससे आप प्रबंधक और सहयोगियों के भरोसेमंद बन सकेंगे।
अपने नेटवर्क के लोगों से सीखें
कार्यस्थल पर नेतृत्व कौशल को विकसित करने के प्रभावी तरीकों में से एक है, अपने नेटवर्क के लोगों से सीखना। बेहतर निर्णय लेने के लिए अपने सहयोगी और प्रबंधक के साथ अपने विचारों को साझा करें। इससे आप निर्णय लेने की शैली को तराश कर उचित फैसले लेने के काबिल बन सकते हैं।