प्रबंधन के क्षेत्र में कॅरियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए कैट, मैट आदि परीक्षाओं की ही तरह जैट का भी खास महत्व है, क्योंकि इसके माध्यम से ही जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआई (जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट) जैसे देश के अग्रणी प्रबंधन संस्थान में दाखिला मिलता है। एचआर की पढ़ाई के लिए इस संस्थान की खास पहचान है। इसके अलावा इस टेस्ट में मिली सफलता से कई अन्य प्रबंधन संस्थानों में भी दाखिले की योग्यता बनती है। XAT-2015 से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है।
परीक्षा की तिथि
प्रवेश परीक्षा की तिथि 4 जनवरी, 2015 निर्धारित की गई है। परीक्षा में पेन-पेपर तरीके का ही इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि सभी विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके। अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, पर उनका रिजल्ट 10 जून, 2015 के पहले आ जाना चाहिए।
परीक्षा केंद्र
इस परीक्षा के संचालन के लिए दिल्ली, नोएडा, पटना, रांची, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, जमशेदपुर, वाराणसी, मुंबई सहित पूरे देश में 47 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो विदेशी केंद्र दुबई और काडमांडू में होंगे।
कहां मिलेगा दाखिला
जैट-2015 के स्कोर की मदद से एक्सएलआरआई में तो दाखिला लिया ही जा सकता है, इसके अलावा देश के अन्य प्रबंधन संस्थानों में भी इसके आधार पर एडमिशन मिलता है। पिछले साल 106 बी-स्कूल्स ने इसके स्कोर के आधार पर विद्यार्थियों को अपने यहां नामांकन की सुविधा दी थी, जैसे एलआईबीए चेन्नई, एक्सआईएमई बेंगलुरु, एक्सआईएम भुवनेश्वर, टीएपीएमआई मणिपाल, मुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेशन अहमदाबाद आदि।
एग्जाम पैटर्न
इस परीक्षा की अवधि 3 घंटे की होगी। टेस्ट को दो भागों में विभाजित किया गया है। पहले भाग के लिए 2 घंटे 20 मिनट और दूसरे भाग के लिए 40 मिनट की समय-सीमा निर्धारित है। पहले भाग में ऑब्जेक्टिव टाइप के प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका संबंध डाटा इंटरप्रिटेशन व क्वांटिटेटिव एबिलिटी, एनालिटिकल रीजनिंग व डिसीजन मेकिंग एबिलिटी तथा वर्बल व लॉजिकल रीजनिंग से होगा। दूसरे भाग मे निबंध लेखन और जनरल अवेयरनेस से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।
आवेदन कैसे करें
संबंधित वेबसाइट से इस बाबत विस्तार से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। रजिस्ट्रेशन से संबंधित दिशानिर्देशों को पढ़कर ही आवेदन करें, ताकि किसी गलती की आशंका न रहे। इसके लिए 1000 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित है।