Leadership: आज के समय में किसी भी संगठन की सफलता केवल कुछ प्रतिभाशाली लोगों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उस पूरे सिस्टम पर निर्भर करती है, जो प्रतिभा को सही दिशा देता है और लोगों को हर दिन बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। इसके लिए एक सफल लीडर प्रतिभा, टीम और कार्य प्रणाली को इस तरह जोड़ता है कि संगठन लगातार प्रगति करता रहे। साथ ही सीखना, सहयोग करना और अनुशासित कार्यप्रणाली संगठन की रोजमर्रा की संस्कृति बन जाए।
टीम संस्कृति को दें बढ़ावा
सफल लीडर टीमवर्क को बहुत महत्व देते हैं। उनकी टीम में केवल वरिष्ठ अधिकारियों का ही नियंत्रण नहीं होता, बल्कि टीम के सभी सदस्य एक-दूसरे को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे माहौल में लोग सहज रहते हैं, जिस कारण वे खुलकर अपनी बात रख पाते हैं, गलतियों से सीखते हैं और सामुहिक रूप से बेहतर परिणाम हासिल करने की कोशिश करते हैं। इस स्थिति में जब टीम के भीतर उच्च मानक तय होते हैं, तो हर सदस्य उन्हें बनाए रखने की जिम्मेदारी महसूस करता है।
काम करते-करते सीखें
कई लीडर प्रतिभा विकास को केवल प्रशिक्षण कार्यक्रमों या सेमिनारों तक सीमित रखते हैं, लेकिन सफल लीडर ऐसा करने के बजाय काम को इस प्रकार डिजाइन करते हैं कि लोग काम करते-करते ही सीखते रहें। इसके लिए नए कर्मचारियों को चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती हैं और वरिष्ठ अधिकारी उनका मार्गदर्शन करते हैं। इससे कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी क्षमता तेजी से विकसित होती है। इस प्रकार सीखना किसी अलग कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि काम की प्रक्रिया का हिस्सा बन जाता है।
दिनचर्या को करें ठीक
किसी लीडर के कार्यकाल में कुछ महत्वपूर्ण क्षण ऐसे होते हैं, जहां उन्हें गुणवत्ता और प्रदर्शन का स्तर तय करना होता है। जैसे-मीटिंग, निर्णय प्रक्रिया, प्रोजेक्ट समीक्षा आदि। सफल लीडर इन प्रक्रियाओं को स्पष्ट और अनुशासित बनाते हैं। नियमित समीक्षा, फीडबैक और सुधार की प्रक्रिया से कर्मचारी लगातार सीखते रहते हैं। ऐसे में धीरे-धीरे यह दिनचर्या संगठन की पहचान बन जाती है और उत्कृष्टता स्वाभाविक रूप से विकसित होने लगती है।
बेहतरीन सिस्टम बनाएं
किसी संगठन में उत्कृष्ट सिस्टम बनाना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं होता, बल्कि यह सामूहिक नेतृत्व की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में प्रतिभा, टीम और दिनचर्या को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। यदि प्रतिभा हो, लेकिन सही दिनचर्या न हो, तो लोग गलत आदतें दोहराते रहेंगे। यदि दिनचर्या अच्छी हो लेकिन टीम सहयोग न करे, तो केवल औपचारिकता रह जाएगी। इसलिए सफल लीडर ऐसा सिस्टम बनाते हैं, जिसमें मानक स्पष्ट हों, फीडबैक जल्दी मिले और जिम्मेदारी तय हो, ताकि संगठन निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करे।