रावेनशॉ यूनिवर्सिटी कटक के वाइस चांसलर प्रकाश चंद्र सारंगी ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कुलपति ने ये फैसला उन छात्रों के निष्कासन की घोषणा के बाद लिया जिनके ऊपर पिछले साल कैंपस में उपद्रव मचाने का आरोप था।
शनिवार को यूनिवर्सिटी के 6 छात्रों को निष्कासित कर उन्हें हॉस्टल से भी हटा दिया गया था।
यूनिवर्सिटी में पिछले साल नवंबर में कैंपस के ही न्यू हॉस्टल और ललितगिरी हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट हुई थी जिसके जांच के लिए एक इन्क्वायरी गठित की गई थी। इन्क्वायरी में ये सामने आया कि ये 6 छात्र कैंपस में हुए उपद्रव में शामिल थे जिसके बाद उनके निष्कासन का फैसला लिया गया।
वीसी ने बताया कि मुझसे किसी ने भी पोस्ट छोड़ने को नहीं कहा है। कुछ छात्र इस फैसले के खिलाफ विरोध भी कर रहे हैं लेकिन मैं अपने फैसले पर बना हुआ हूं। जो छात्र विरोध कर रहे हैं वो राजनीति से प्रभावित हैं और मेरे लिए इस राजनीतिक माहौल में काम करना बेहद ही मुश्किल है।