नोएडा सेक्टर-62 स्थित राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी संस्थान (एनआईओएस) मुख्यालय द्वारा सोमवार को दसवीं की परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। देशभर के 8,04,976 छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें से 4,20,189 सफल हुए हैं।
एनआईओएस के डिप्टी डायरेक्टर आरडी महापात्ता ने बताया कि इस बार रिजल्ट जल्दी आया है। 10 मार्च से परीक्षाएं शुरू हुई थीं और अंतिम परीक्षा के चार हफ्तों से कम समय में हमने रिजल्ट घोषित कर दिया है। एचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के आदेशानुसार इस बार सिर्फ उन्हीं स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जिनके पास सीसीटीवी कैमरा है।
इस साल पुरुष परीक्षार्थियों का सफलता प्रतिशत 62.83 एवं महिला परीक्षार्थियों का सफलता प्रतिशत 65.87 रहा। कुल परीक्षार्थियों का सफलता प्रतिशत 63.88 रहा। 33.72 प्रतिशत पुरुष (38348) एवं 35.75 प्रतिशत महिला (21361) परीक्षार्थियों को सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ। मार्कशीट एवं अन्य दस्तावेज क्षेत्रीय केंद्रों पर भेजे जाएंगे, जहां से यह अध्ययन केंद्रों पर भेजे जाएंगे। परीक्षार्थी अध्ययन केंद्रों से अपने दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।