देशभर के मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों के एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली NEET-2017 परीक्षा का एडमिट कार्ड 15 अप्रैल से जारी होगा। NEET की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों को इसी वेबसाइट पर लॉग इन कर एडमिट को डाउनलोड करना होगा।
आपको बता दें NEET परीक्षा 7 मई को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश पत्र ही मिलेगा। पोस्ट से एडमिट कार्ड भेजने का कोई प्रावधान नहीं है। वैसे बोर्ड ने इसकी व्यवस्था की है कि कोई अभ्यर्थी जब अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करे तो उसकी एक कॉपी उनकी ई-मेल आईडी पर भी भेज दिया जाएगा।
एडमिट कार्ड पर हो लेटेस्ट फोटो
एडमिट कार्ड पर छात्रों को अपनी लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटो लगानी होगी। फोटो वही होनी चाहिए जो ऑनलाइन फॉर्म में अपलोड की गई थी।
देशभर के 103 शहरों के करीब 2200 से भी ज्यादा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। यूपी में लखनऊ समेत बरेली, गाजियाबाद, झांसी, नोएडा, वाराणसी और गोरखपुर में यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पिछले वर्ष प्रवेश परीक्षा के लिए 8,02,594 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस बार 41.42 प्रतिशत ज्यादा 11,35,104 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने NEET परीक्षा के लिए 25 वर्ष से ऊपर के उम्मीदवारों को अनुमति दे दी थी। साथ ही उच्चतम न्यायालय ने फॉर्म भरने की तिथि भी 5 अप्रैल तक बढ़ा दी थी।
सीबीएसई द्वारा देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए NEET एग्जाम का आयोजन किया जाएगा। सीबीएसई ने पहले बताया था कि NEET-17 को पहला अटेम्प्ट माना जाएगा और हर छात्र सिर्फ तीन बार ही इस परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे। इसके बाद छात्रों ने काफी विरोध भी किया था क्योंकि इसके साथ ही साथ उम्र सीमा को भी 17-25 साल तक कर दिया गया था।