Women Basketball Players: गौतमबुद्ध नगर को महिला वर्ग की राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 की मेजबानी मिली है। यह प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में 27 से 29 अगस्त तक चलेंगी। जिसमें देशभर की महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी कोर्ट पर अपना दमखम दिखाएंगी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में करीब 15 राज्यों से 550 महिला खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 27 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हर्ष डागर बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न राज्यों की टीमें मुकाबले में उतरेंगी।
आयोजन का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धी माहौल और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है। स्कूल के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने बताया कि प्रतियोगिता में कई राज्यों और क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, बिहार-झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर भारत की संयुक्त टीम में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की खिलाड़ी शामिल होंगी। इसी तरह उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से गुजरात और राजस्थान की टीम मैदान में उतरेगी।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मंच
फादर जिप्सन पलाटी के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा। अलग-अलग राज्यों की टीमों की मौजूदगी से प्रतियोगिता में खेल का स्तर भी ऊंचा रहने की उम्मीद है। खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति, फिटनेस, टीमवर्क और कोर्ट पर तालमेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय स्तर की महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से जिले के खेल जगत में भी उत्साह है। इससे स्थानीय खेल प्रेमियों व खिलाड़ियों को देश के विभिन्न हिस्सों से आई प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।