उत्तर प्रदेश के सभी इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) में एडमिशन के लिए 28 मई से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। स्टूडेंट 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। इसका पूरा खाका राज्य व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद ने तैयार कर लिया है। जल्द ही इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
आईटीआई पांडुनगर के प्रिंसिपल ई. केएम सिंह ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया 28 मई से प्रारंभ की जा रही है। प्रदेश भर की आईटीआई में इस बार करीब 20000 सीटें बढ़ेंगी। कानपुर के राजकीय पॉलिटेक्नीक कॉलेजों में करीब 500 सीटें बढ़ाई जाएंगी।
इसके अलावा एक और फैसले के तहत जल्द ही आईटीआई में ऑनलाइन अंकतालिका की तर्ज पर ही अब प्रमाणपत्र भी ऑनलाइन मिल सकेंगे। इससे जहां आईटीआई करने वालों को सालों तक प्रमाणपत्र का इंतजार नहीं करना पड़ेगा वहीं छात्रों के सत्यापन में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
पुरानी पद्धति के तहत प्रमाणपत्र प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया से छात्रों को गुजरना पड़ता था। आईटीआई से पास होने के बाद भी प्रमाणपत्र मिलने में चार से पांच साल लग जाते थे। साथ ही जिस कंपनी या फैक्ट्री में छात्र नौकरी पर लगता था, उस कंपनी को भी आईटीआई के कागज असली हैं या नकली इसका सत्यापन करने में भी काफी समय लगता था।
अब ऑनलाइन प्रक्रिया होने से अंकतालिका मिलने के एक हफ्ते के अंदर ही प्रमाण पत्र मिल सकेगा। साथ ही कंपनी सीधे वेबसाइट पर नौकरी करने वाले आईटीआई के छात्र का रोल नंबर डाल कर प्रमाणपत्र का सत्यापन कर सकेगी।