आईआईटी दिल्ली में एमटेक प्रोग्राम में कैंपस प्लेसमेंट में दस फीसदी की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल 182 छात्रों को प्लेसमेंट ऑफर हुआ था। इस साल (2017-18) में यह आंकड़ा 202 पहुंच गया है। खास बात यह है कि कैंपस प्लेसमेंट में कोर एरिया में एनर्जी स्ट्डीज सबसे हॉट सब्जेक्ट रहा, जिसमें विशेषज्ञों की सबसे अधिक डिमांड देखी गई।
सेंटर फॉर एटमॉस्फेरिक एंड ओसिएनिक स्ट्डीज के प्रोफेसर मंजू मोहन के मुताबिक, ट्रेडिशनल फील्ड से हटकर एनर्जी स्ट्डीज जैसे क्षेत्र में छात्रों की सबसे अधिक डिमांड दिखी। दुनिया में पर्यावरण में हो रहे बदलाव के चलते इससे जुड़े विषयों की मांग बढ़ी है। इसके अलावा कैंपस प्लेसमेंट में एनर्जी स्ट्डीज, इंडस्ट्रियल ट्राइबलॉजी, एटमॉस्फेरिक साइंस, ऑप्टो इलेक्ट्रानिक्स, ऑप्टिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी छात्रों को अच्छा पैकेज ऑफर हुआ है।
यदि पांच साल के स्नातक इंटिग्रेटेड प्रोग्राम को देखें तो कुल 540 छात्रों को प्लेसमेंट में जगह मिली है, जिसमें से 272 ऑफर टेक्नोलॉजी श्रेणी के हैं। जबकि आईटी में 187 तो एनालिटिक्स सेक्टर में 133 हैं। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग आदि क्षेत्रों में सौ फीसदी प्लेसमेंट रहा। निजी के साथ अब सरकारी एजेंसियां व एनजीओ मिलकर एक साथ काम कर रहे हैं, जिसके चलते विशेषज्ञों की डिमांड बढ़ रही है।