मानव संसाधन विकास मंत्रालय देश भर के छोटे शहरों में मौजूद सिनेमाघरों का फायदा उठाते हुए उनपर एजुकेशनल कंटेंट दिखाने पर विचार कर रहा है। इस कदम की शुरुआत नैसकॉम (NASSCOM) ने की थी।
यदि इस योजना को मंजूरी दे दी जाती है तो मंत्रालय डीटीएच चैनल, स्वयं प्रभा के माध्यम से शहरी आवासों में मौजूद एक लाख से कम की आबादी वाले इलाकों में शैक्षणिक पाठ्यक्रमों को रिले करेगा। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया इन स्क्रीन्स पर एजुकेशनल कंटेंट सुबह 7 से 11 बजे के बीच दिखाया जाएगा।
पढ़ें- तमिलनाडु के स्कूल को मिला स्वच्छता का राष्ट्रीय पुरस्कार
कई इलाकों में ऐसे सिनेमा हॉल हैं जिनका कोई इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। ऐसे में इन हॉल के माध्यम से एजुकेशनल कंटेंट छोटे शहरों के छात्रों तक पहुंचाई जा सकती है। छात्रों को इससे पाठ्यक्रम को समझने में फायदा भी मिलेगा।
मंत्रालय ने उच्च शिक्षा के लिए 32 शैक्षणिक चैनल भी लॉन्च किए हैं जिससे छात्रों को आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी। इन चैनलों का कॉन्टेंट आईआईटी के प्रोफेसरों ने ही तैयार किया है।