दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलिजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) की पहली कटऑफ जारी होते ही दाखिला की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले दिन की बात करे 90 फीसदी अंकों वाली 15 छात्राओं ने दाखिला लिया। दरअसल, 90 फीसदी से अधिक अंक वाली छात्राएं डीयू के रेगुलर कॉलेज में दाखिला लेना पसंद करती हैं।
लेकिन इस बार इतने अंक पानी वाली छात्राओं ने एनसीवेब को हाथों हाथ लिया। वहीं, 26 सेंटरों पर बीए व बीकॉम प्रोग्राम में लगभग 500 दाखिले हो गये। शनिवार को दाखिले के लिए छात्राओं की भारी भीड़ उमड़ी।
बोर्ड की निदेशक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि इस बार पहले दिन ही छात्राओं से काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। पहले दिन 90 फीसदी से अधिक अंक वाली 15 छात्राओं ने दाखिला ले लिया है। इनमें 90 से 95 फीसदी अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं हैं। दाखिला लेने के बाद यदि रेगुलर कॉलेज की चौथी कटऑफ में कुछ कमी होती है तो छात्राएं दाखिला रद कराकर रेगुलर कॉलेज में दाखिला ले सकती हैं। वहीं, एनसीवेब में सेंटर शिफ्ट करने का प्रावधान नहीं है।
उनका कहना है कि जिस तरह से इतने अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राएं यहां दाखिले ले रही हैं। उससे साफ है कि एनसीवेब की लोकप्रियता बढ़ रही है। जिन छात्राओं ने फॉर्म जमा करवाया है। वह अब फीस की प्रक्रिया पूरी करेंगी। चूंकि अभी इस कटऑफ के आधार पर सोमवार व मंगलवार को भी दाखिले होने हैं। ऐसे में दाखिले की रफ्तार और तेज होगी।