दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए सशुल्क इंटर्नशिप का मौका है। बिजनेस डेवलपमेंट पद पर चयनित उम्मीदवारों को 60 हजार रुपये तक मासिक स्टाइपेंड और प्रदर्शन के आधार पर इंसेंटिव मिलेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने योग्य छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए सशुल्क इंटर्नशिप का मौका दिया है। यह इंटर्नशिप छात्र कल्याण विभाग के डीन के अधीन आयोजित की जा रही है। मैनेजमेंट इंटर्न (बिजनेस डेवलपमेंट) पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 60,000 रुपये तक का वजीफा मिलेगा। इसके अलावा, प्रदर्शन के आधार पर अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय में अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और Ph.D. की पढ़ाई कर रहे छात्र और विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। खास तौर पर बीबीए, बीकॉम, बीएमएस, एमबीए और संबंधित कोर्स के फाइनल ईयर के छात्र और हाल ही में ग्रेजुएशन पूरी करने वाले उम्मीदवार पात्र हैं। इंटर्नशिप का पद मैनेजमेंट इंटर्न - बिजनेस डेवलपमेंट है।
SPRIX जापान की एक मल्टीनेशनल एजुकेशन कंपनी है, जो टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड है। कंपनी 56 से ज्यादा देशों में काम करती है और पढ़ाई, टेस्ट की तैयारी और लर्निंग प्रोग्राम से जुड़े समाधान देती है। भारत में SPRIX IIT से पढ़े ट्यूटर्स के साथ मिलकर ऐसे एजुकेशन प्रोग्राम चलाती है, जिनका फोकस बेहतर पढ़ाई और सीखने के नतीजों पर है।