दिल्ली विश्वविद्यालय की अंतिम और पांचवीं कटऑफ लिस्ट जारी कर दी गई है। पांचवीं लिस्ट में कैंपस कॉलेजों के मुकाबले आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में दाखिले का ज्यादा मौका दिखाई दे रहा है। कई कॉलेज ऐसे हैं जहां दाखिले रद्द कराने पर ही दाखिले का चांस मिलेगा। कई कैंपस कॉलेजों में साइंस कोर्सेज के दाखिले बंद हो गए हैं। हैरानी की बात यह भी है कि दयाल सिंह कॉलेज में कुल 22 कोर्सेज में से 13 के दाखिले बंद हो गए हैं। अब इस कटऑफ के आधार पर 18 व 19 जुलाई को दाखिले का मौका मिलेगा।
डीयू के कई कैंपस कॉलेजों ने पांचवीं कट ऑफ लिस्ट में अपने यहां दाखिले बंद कर दिए हैं। लेकिन माना जा रहा है कि बीएमएस व सीए के सीपीटी के नतीजे आने के बाद जहां दाखिले बंद हो गए हैं, वहां दाखिले खुल जाएं। अभी भी सभी श्रेणियों को मिलाकर लगभग 9000 हजार सीटें खाली रहने का अनुमान है। हालांकि आरक्षित वर्ग के लिए इस लिस्ट में पर्याप्त मौके हैं।
औसतन कटऑफ में 0.25 से तीन फीसदी की गिरावट
नॉर्थ कैंपस में बीकॉम में दाखिले की बात की जाए तो किरोड़ीमल कॉलेज में ईको ऑनर्स में 96.5 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। जबकि हिंदी ऑनर्स में 86.5 फीसदी व इतिहास ऑनर्स में 91.75 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। वहीं, हंसराज कॉलेज में कुल 18 कोर्सेज में से 11 कोर्सेज में दाखिले बंद कर दिए गए हैं। यहां केवल अंग्रेजी में 94.5, केमिस्ट्री में 95.66, कंप्यूटर साइंस में 95.5 व कुछ साइंस कोर्सेज में दाखिले खुले हुए हैं। हिंदू कॉलेज में हिंदी में 90.5 फीसदी व सांख्यिकी ऑनर्स में 96.5 फीसदी पर दाखिला हो सकता है। बाकी कोर्सेज के लिए दाखिले बंद हो गए हैं। दौलतराम कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में 95, बीकॉम में 94.25 फीसदी पर दाखिला हो सकता है। अंग्रेजी व अन्य साइंस कोर्सेज में दाखिले बंद हो गए हैं।
कुछ कॉलेज में जहां दाखिले खुले हुए हैं, वहां पांचवीं लिस्ट के बाद दाखिले रद्द होने पर ही दाखिला मिल सकता है। दयाल सिंह कॉलेज में जो दाखिले हुए हैं, उनमें पंजाबी ऑनर्स में सबसे कम 48 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। वहीं गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में अभी ज्यादातर कोर्सेज में सामान्य के लिए दाखिले का विकल्प बरकरार है। यहां अंग्रेजी में 93.75, इतिहास में 91, राजनीति शास्त्र में 93.5, पंजाबी में 60, बीए प्रोग्राम में 91, बीकॉम में 94.5 व बीकॉम ऑनर्स में 95 फीसदी पर दाखिले का अवसर है। लेडी श्रीराम कॉलेज में अभी भी साइकोलॉजी ऑनर्स में सर्वाधिक 97.5 फीसदी पर कटऑफ है, जबकि जर्नलिज्म के लिए कटऑफ 97 फीसदी है।