राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
राष्ट्रीय स्तर पर जो पत्र सबसे अच्छा होगा, उसे भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजेताओं का चयन करेगा। जीतने वाले छात्रों को पदक और प्रमाण पत्र मिलेंगे - पहले स्थान के लिए स्वर्ण, दूसरे के लिए रजत और तीसरे के लिए कांस्य। इसके अलावा, विजेताओं को छोटे-छोटे पुरस्कार भी मिल सकते हैं, जिन्हें UPU तय करेगा।
स्वर्ण पदक जीतने वाले छात्र को स्विट्जरलैंड के बर्न स्थित UPU मुख्यालय जाने का मौका भी मिल सकता है। अगर यह संभव न हो, तो उन्हें कोई वैकल्पिक पुरस्कार दिया जाएगा।
जानें प्रतिभागियों के नियम
इस प्रतियोगिता में 9 से 15 साल के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। ध्यान रहे कि 5 मई 2026 से पहले 16 साल पूरे होने वाले छात्र प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकते। प्रतिभागियों की उम्र जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या स्कूल द्वारा जारी प्रमाण पत्र जैसी डॉक्यूमेंट से जांची जाएगी।
यह प्रतियोगिता स्कूलों में ही कराई जाएगी। लिखे गए पत्र 20 मार्च 2026 तक सर्किल कार्यालय को भेजने होंगे। सर्किल सबसे अच्छे पत्र चुनकर 31 मार्च 2026 तक निदेशालय को भेजेगा। सीधे किसी व्यक्ति या स्कूल द्वारा भेजे गए पत्र स्वीकार नहीं होंगे। बच्चों को सादे कागज पर हिंदी या अंग्रेजी में पत्र लिखना होगा और आवेदन के साथ तीन पासपोर्ट साइज फोटो लगानी होंगी।
आवेदन और नियम
प्रतिभागियों को आवेदन पत्र में निम्नलिखित जानकारी भरनी होगी:
- प्रतियोगिता का नाम: युवाओं के लिए 2026 अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता
- प्रतिभागी का पूरा नाम
- पिता/अभिभावक का नाम
- पत्राचार का पूरा पता
- विद्यालय/संस्थान का नाम और पता
- आयु और जन्मतिथि
- लिंग (पुरुष/महिला)
- केंद्र (अनिवार्य)
प्रतिभागियों को अपना आवेदन पत्र पूरी तरह भरकर और आयु प्रमाण पत्र की एक कॉपी लेकर अपने संबंधित डाक सर्कल के नोडल अधिकारी को दो प्रतियों में जमा करना होगा, और यह जमा डाक सर्कल द्वारा तय अंतिम तारीख से पहले होना चाहिए। आवेदन पत्र की एक प्रति प्रतियोगिता के दिन हॉल टिकट के रूप में उपयोग की जाएगी।
प्रतिभागियों को उत्तर पुस्तिका स्कूल/विभाग द्वारा दी जाएगी, लेकिन कलम या पेंसिल खुद लानी होगी। पत्र को हाथ से लिखना होगा और इसकी लंबाई 800 शब्दों से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। 800 शब्द से अधिक लिखे गए पत्रों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।