सीबीएसई के 10वीं के नतीजे घोषित हो गए हैं। टॉप करने वाले 4 छात्रों में 3 लड़कियां शामिल हैं। देश में टॉप करने वाले चार मेधावियों में से एक रिमझिम अग्रवाल कोटद्वार गोविंदनगर की रहने वाली है। रिमझिम अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। रिमझिम ने बताया कि उन्होंने ट्यूशन का सहारा न लेकर सेल्फ स्टडी की है।
सीबीएससी दसवीं की परीक्षा में मुजफ्फरनगर के एसडी स्कूल के अक्षत वर्मा ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अक्षत बताते हैं कि बचपन से उन्हें अंतरिक्ष की दुनिया आकर्षित करती रही है। 11वीं में पीसीएम लेकर वह अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना पूरा करना चाहते हैं। इसके लिए वह अभी से ही कोशिश करेंगे।
बता दें कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं बोर्ड के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस साल की परीक्षा में 86.7 फीसदी स्टूडेंट पास हुए हैं। इस बार के टॉपर में चार छात्रों ने 99.8 फीसदी अंक हासिल कर बाजी मारी है। इन सभी ने 500 सौ में 499 अंक प्राप्त किए हैं।