दीपिका पादुकोण इन दिनों क्या कर रही है? कैटरीना ने रणबीर से रिश्ते पर क्या बोला। शाहरुख को किस फिल्म के कितने पैसे मिले। सलमान की नई गर्लफ्रेंड का नाम क्या है? ये जानने की उत्कंठा पाठकों के दिमाग में रहती है। अगर आप भी सेलेब्रिटी वर्ल्ड में इन्फोटेनमेंट जर्नलिस्ट (मनोरंजन की दुनिया और पेज थ्री पेज के पत्रकार) बनना चाहते हैं तो आपको इन खबरों की जानकारी सबसे पहले होनी चाहिए।
इतना समझ ले कि किसी अखबार और न्यूज चैनल में मुख्य खबरों के बाद सबसे ज्यादा पढ़ा और देखा जाने वाला कॉलम सिनेमा और सेलेब्रिटी वर्ल्ड का ही है।
इन्फोटेनमेंट जर्नलिज्म में पत्रकारिता के कई आयाम है। मसलन पैपराजी स्टाइल, पेज थ्री रिपोर्टर, एक्सलूसिव इंटरव्यू, फिल्म समीक्षक और फिल्म आलोचक।
इन दिनों अखबारों और न्यूज चैनलों में अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए आए दिन बड़े सेलेब्रिटी आते रहते है। इसके अलावा सितारों की एक्सक्लूसिव तस्वीरें भी नेम फेम दिलाती है। सभी अखबार और चैनल हर शुक्रवार होने वाली फिल्म की समीक्षा देते हैं। ऐसे कामकाज के लिए फिल्मी दुनिया के एक्सपर्ट लोगों को लगाया जाता है और उन्हें इन्फोटेनमेंट रिपोर्टर कहा जाता है।
दोपहर के वक्त टीवी पर चलने वाले पॉपुलर इन्फोटेनमेंट प्रोग्राम 'सास बहू साजिश', 'सास बहू और बेटियां' लोगों की नजर में चढ़ चुके हैं। टीवी पर रोज दिखने वाले सीरियलों और सेलेब्रिटी वर्ल्ड की हर गतिविधि को टेलीकॉस्ट करने वाले ये प्रोग्राम काफी दिलचस्पी से यूजर बटोर रहे हैं। इन प्रोग्राम में कैमरा पर्सन से लेकर एंकर तक और डॉयलॉग राइटर तक की मेहनत शामिल है।
मनोरंजन जगत की लोकप्रियता को देखते हुए स्वतंत्र तौर पर कई इन्फोटेनमेंट चैनल चलाए जा रहे हैं और यहां अच्छे खासे पैकेज पर नौकरी पाई जा सकती है।
खालिस पत्रकारिता के अलावा इन्फोटेनमेंट जर्नलिज्म भी इस समय मीडिया में एक हॉट ट्रेंड की तरह उभरा है। सेलेब्रिटी और सितारों की दुनिया से खबरें निकालने का काम भी नेम और फेम से जुड़ा है।