Azim Premji Scholarship: उच्च शिक्षा का खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है, खासकर तब, जब बेटी को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए घर से बाहर जाना पड़े। ऐसे विद्यार्थियों के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनकी पहली स्नातक डिग्री या डिप्लोमा की पूरी अवधि के दौरान आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक रूप से मदद करेगी और उनके शैक्षणिक सपनों को पूरा करने का मार्ग आसान बनाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 का लाभ 21 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राओं को दिया जाएगा। इस छात्रवृत्ति के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी, जिन्होंने कक्षा दसवीं और बारहवीं, दोनों नियमित विद्यार्थी के रूप में सरकारी स्कूल या कॉलेज से उत्तीर्ण की हों। इसके साथ ही, छात्रा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या विश्वसनीय निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो। महत्वपूर्ण बात यह है कि आवेदन करने वाली छात्रा के लिए यह उसकी पहली स्नातक डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। यानी इससे पहले उसने किसी अन्य स्नातक डिग्री या डिप्लोमा को पूरा नहीं किया हो।
स्कॉलरशिप किस आधार पर मिलेगी
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत पात्र छात्राओं को रुपये 30,000 प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि आय या मेरिट के अलग-अलग वर्गों के आधार पर अलग नहीं होगी। छात्रा जिस पाठ्यक्रम में अध्ययन कर रही है, उसकी अवधि के अनुसार यह सहायता दो से पांच वर्षों तक जारी रह सकती है। छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग ट्यूशन फीस तथा शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने के लिए किया जा सकता है।
ऐसे करें आवेदन
2026 बैच के लिए आवेदन की तिथि 10 से 31 अगस्त, 2026 तक निर्धारित है। आवेदन केवल ऑनलाइन किया जा सकता है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं है। आवेदन के दौरान हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, सक्रिय बैंक खाते की पासबुक/बैंक स्टेटमेंट, कक्षा 10वीं व 12वीं की मार्कशीट तथा कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र अथवा ट्यूशन फीस रसीद व अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। दस्तावेज स्पष्ट और बिना संशोधन के होने चाहिए तथा निर्धारित पीडीएफ/पीएनजी/जेपीजी प्रारूप में 30 से 500 केबी के बीच हों।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन आवेदन के किसी भी चरण पर शुल्क नहीं लेता। पात्र छात्राओं को अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना आधिकारिक वेबसाइट azimpremjifoundation.org पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।