डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) से संबद्ध प्रदेश के कई कॉलेजों ने विवि को प्रैक्टिकल और सेशनल परीक्षा के अंक ही नहीं सौंपे हैं। एकेटीयू ने ऐसे कॉलेजों को फटकार लगाई है। इनमें गौतमबुद्ध नगर के भी कॉलेज शामिल हैं। इस वजह से कुछ कोर्स का परीक्षा परिणाम देर से जारी हो सकता है। वहीं एकेटीयू ऐसे छात्रों को कुछ राहत दे सकता है जिनके कोर्स की सीमा तो पूरी हो गई है, लेकिन बैक पेपर बाकी है।
एकेटीयू ने कॉलेजों को अंक भेजने के लिए 28 अप्रैल तक का समय दिया है। एकेटीयू ने एक अधिसूचना जारी कर कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे 2016-17 सत्र के विषम सेमेस्टर के अंकों की हार्ड कॉपी हर हाल में 28 अप्रैल तक एकेटीयू के परीक्षा विभाग में जमा करवा दें नहीं तो ऐसे कॉलेजों का परीक्षा परिणाम भी रोका जा सकता है।
एकेटीयू ऐसे छात्रों को कुछ राहत दे सकता है जिनके कोर्स की सीमा तो पूरी हो गई है, लेकिन अभी भी उनका बैक पेपर बाकी है। एकेटीयू ने सभी कॉलेजों से ऐसे छात्रों का ब्योरा मांगा। इसके लिए एक प्रारूप भी जारी किया है जिसमें विद्यार्थी का नाम, रोल नंबर, दाखिले का वर्ष और बैक पेपर वाले विषय का कोड भरना होगा। कॉलेजों को 26 अप्रैल तक ब्योरा ई-मेल के माध्यम से विवि को उपलब्ध कराना होगा।