शिक्षा मंत्री ने बताया कि दिल्ली में 7,000 से अधिक नए कंप्यूटर एक वर्ष से भी कम समय में दिल्ली के सरकारी स्कूलों को दिए जा चुके हैं। सरकार दिल्ली के प्रत्येक स्कूल की हर क्लासरूम में स्मार्ट बोर्ड पहुंचाने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। 7,000 स्मार्ट ब्लैक बोर्ड का टेंडर हो चुका है।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 21, 000 क्लासरूम्स में अगले 4 वर्षों में स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 175 आईसीटी लैब्स में 7,000 कंप्यूटरों का टेंडर किया जा चुका है, जो 31 मार्च से पहले आ जाएंगे। दिल्ली में 1,000 से अधिक सरकारी स्कूल हैं और अगले 3 वर्षों में हर सरकारी स्कूल में आईसीटी लैब होगी। उन्होंने कहा की आज दिल्ली सरकार द्वारा लाडली फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित आईसीटी लैब्स में हर टेबल पर अलग कंप्यूटर और अलग यूपीएस उपलब्ध कराए गए हैं।
लाडली फाउंडेशन की ओर से अब तक 100 आईसीटी लैब्स में 2,000 कंप्यूटर डोनेट किए जा चुके हैं और 75 और लैब्स में 1,500 कंप्यूटर देने का वादा किया गया है। दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 100 से अधिक डिजिटल लाइब्रेरी भी स्थापित की जा रही हैं।