Heritage Management: भारत के साथ अन्य देशों में भी विरासत प्रबंधन (हेरिटेज मैनेजमेंट) तेजी से फल-फूल रहा है। इसके अलावा, अपनी अंतःविषय प्रकृत्ति के कारण विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के लिए यह नए अवसर भी विकसित कर रहा है। वास्तुकला और पुरातात्विक संरक्षण, इतिहास और संस्कृति से जुड़े क्षेत्रों, संग्रहालयों और अभिलेखीय प्रथाओं और पर्यावरण संरक्षण आदि के सिद्धांतों का विस्तार करते हुए इस क्षेत्र से जुड़े पेशेवर और छात्र दुनिया भर में नाम कमा रहे हैं।
ऐसे में, विरासत प्रबंधन के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि अगर आपने बीए या किसी अन्य स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिला लिया है, तब भी इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए आपके पास कई विकल्प मौजूद हैं।
इस दिशा में बढ़ाएं कदम
यदि आपने स्नातक में इतिहास, कला या सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के आधार पर दाखिला लिया है, तो आपके पास विरासत प्रबंधन के क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए एक मजबूत आधार है। स्नातक के दौरान आपको कुछ अतिरिक्त कौशल विकसित करने होंगे। हेरिटेज मैनेजमेंट में कॅरिअर बनाने के लिए ग्रेजुएशन के बाद आप एमए या एमबीए इन हेरिटेज मैनेजमेंट कर सकते हैं।
सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स
इग्नू जैसे संस्थान से आप सर्टिफिकेट इन म्यूजियम मैनेजमेंट और हेरिटेज मैनेजमेंट कोर्स तथा नेशनल म्यूजियम इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली से डिप्लोमा इन हेरिटेज स्टडीज कोर्स कर सकते हैं। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) भी कुछ शॉर्ट टर्म कोर्स की पेशकश करती है। स्वयं पोर्टल पर भी समय-समय पर हेरिटेज मैनेजमेंट से संबंधित आर्ट एंड कल्चर और आर्किटेक्चरल कंजर्वेशन एंड हिस्टोरिक प्रिजर्वेशन जैसे ऑनलाइन कोर्सेज की पेशकश की जाती है।
इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम
आप भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और इनटेक (इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज) में इंटर्नशिप कर सकते हैं। यूनेस्को विश्व विरासत केंद्र के विभिन्न कार्यक्रमों और इंटर्नशिप अवसरों के माध्यम से विरासत प्रबंधन में आगे बढ़ने का मौका मिलता है। निजी संगठनों जैसे सहपेडिया और आर्ट एलाइव गैलरी में प्रोजेक्ट बेस्ड इंटर्नशिप के जरिये आप व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर सकते हैं। फील्डवर्क के अनुभव के लिए हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में चल रहे धरोहर संरक्ष प्रोजेक्ट्स में शामिल हो सकते हैं।
डिजिटल कौशल
हेरिटेज मैनेजमेंट में 3D मैपिंग, वर्चुअल टूर डिजाइन और एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। आप ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कोर्सेरा (tinyurl.com/3r4t7bm के 'आर्ट्स एंड हेरिटेज मैनेजमेंट' कोर्स के जरिये और एडेक्स पर मौजूद विभिन्न कोर्सेज की मदद से डिजिट कौशल सीख सकते हैं।
करिअर के अवसर
इस क्षेत्र में म्यूजियम क्यूरेटर, आर्किविस्ट, टूरिज्म प्लान हेरिटेज कंसल्टेंट जैसे कॅरिअर विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अलावा फिल्म और मीडिया में भी इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की मांग बढ़ रही है।