यश ढुल को आईपीएल में नहीं मिला था खरीदार
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान और भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रह चुके यश ढुल इस सीजन के सबसे बड़े आकर्षण हैं। रणजी और दलीप ट्रॉफी में पदार्पण शतक लगाने वाले यश का करियर कुछ समय के लिए मुश्किल दौर से गुजरा। आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला, लेकिन डीपीएल 2025 में उन्होंने 435 रन बनाकर शानदार वापसी की।
अर्पित राणा बने रनों की मशीन
ईस्ट दिल्ली राइडर्स के सलामी बल्लेबाज अर्पित राणा पिछले सीजन में 495 रन बनाकर सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे। रणजी ट्रॉफी में सनत सांगवान के साथ उनकी 321 रन की नाबाद साझेदारी ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। अगर उनका बल्ला एक बार फिर चला, तो आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
आयुष दोसेजा- दबाव में खेलने का उस्ताद
वेस्ट दिल्ली लायंस के उपकप्तान आयुष दोसेजा शांत स्वभाव और लंबी पारियां खेलने के लिए जाने जाते हैं। डीपीएल 2025 में उन्होंने एक शतक के साथ 300 रन बनाए। वहीं पूरे घरेलू सीजन में 949 रन, चार शतक और पांच अर्धशतक उनके शानदार फॉर्म की गवाही देते हैं। बड़े मैचों में जिम्मेदारी निभाने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है। इस बार भी न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ उन्होंने पारी को संभालते हुए 52 गेंदों में 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
मनी ग्रेवाल- रफ्तार का नया सितारा
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल पिछले सीजन के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 20 विकेट लेने के साथ ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर पूरे टूर्नामेंट में अपनी पहचान बनाई। उनकी गति, सटीक लाइन-लेंथ और डेथ ओवरों में गेंदबाजी की क्षमता उन्हें इस सीजन का सबसे खतरनाक तेज गेंदबाज बनाती है।
मनन भारद्वाज-दोनों हाथों का जादूगर
वेस्ट दिल्ली लायंस के स्पिनर मनन भारद्वाज अपनी अनोखी गेंदबाजी शैली के कारण चर्चा में हैं। वह दाएं और बाएं दोनों हाथों से गेंदबाजी कर सकते हैं, जो उन्हें बेहद खास बनाती है। पिछले सीजन के क्वालीफायर में तीन विकेट लेकर उन्होंने टीम को फाइनल का टिकट दिलाया था।