Union Budget 2020 Announcement for National Recruitment Agency: वर्ष 2020 के लिए बजट की घोषणा करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (NRA - National Recruitment Agency) की बात की। सीतारमण ने कहा कि देश में एक राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी की स्थापना की जाएगी। अब सवाल है कि ये एजेंसी क्या काम करेगी? इसके जरिए भर्तियों की प्रक्रिया किस तरह संचालित की जाएगी? इस एजेंसी की जरूरत क्यों पड़ी? इन सभी सवालों के जवाब आगे पढ़ें।
राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (NRA) की घोषणा करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अभी अभ्यर्थियों को अलग-अलग विभागों में नौकरी के लिए कई अलग-अलग परीक्षाओं में शामिल होना पड़ता है। ये परीक्षाएं भी विभिन्न एजेंसियों द्वारा अलग-अलग समय पर आयोजित की जाती हैं, फिर चाहे पद एक जैसे ही क्यों न हों। इससे युवाओं के समय, पैसे और मेहनत सब पर बेवजह ज्यादा बोझ आ जाता है।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि अभ्यर्थियों की परेशानी को दूर करने के लिए ही सरकार राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी की स्थापना प्रस्तावित कर रही है। ये एजेंसी एक स्वतंत्र विशेषज्ञ इकाई होगी। इस एजेंसी का काम होगा सरकारी विभागों में गैर राजपत्रित पदों के लिए समान योग्यता परीक्षा का आयोजन करना। ये परीक्षा भी कंप्यूटर मोड पर ही आयोजित की जाएगी।