दोनों पालियों में परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा, जो पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे से प्रारंभ होगी। जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न दो बजे से प्रारंभ होगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
ऐच्छिक विषय गृह विज्ञान, संगीत, नृत्य, ललित कला तथा दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के संगीत विषय की प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन छह मई सेआठ मई 2023 तक किया जाएगा तथा साथ ही, Internal Assessment, Literacy Activity एवं प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में दिनांक नौ मई 2023 तक जमा करना है।
दृष्टिबाधित एवं दिव्यांगों को मिलेगी ये सुविधा
सभी पालियों में परीक्षार्थियों को 15 मिनट का समय पेपर पढ़ने के लिए दिया जाएगा। पूर्व की भांति ही दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग परीक्षार्थी जो लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा नॉन मैट्रिक स्तर के लेखक रखने की अनुमति दी जाएगी। इससे संबंधित सूचना समिति कार्यालय को भी उपलब्ध करायी जाएगी। ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए निर्धारित समय में 20 मिनट प्रति घंटा अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
31 मई तक परीक्षा का परिणाम
समिति द्वारा इस परीक्षा का परिणाम 31 मई, 2023 तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इस परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों का एक वर्ष खराब नहीं हो और वे इसी सत्र में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए शिक्षण संस्थानों में नामांकन ले सकें।