फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

APPSC Paper Leak: एपीपीएससी पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक छह धरे गए

Wed, 21 Sep 2022 05:14 PM IST
देवेश शर्मा एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

APPSC Paper Leak : AE (सिविल) प्रारंभिक परीक्षा 12 जून को और मुख्य परीक्षा 26 और 27 अगस्त को आयोजित की गई थी। परीक्षा में सहायक अभियंता के 33 पदों के लिए कुल 415 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

APPSC Paper Leak Case: अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) के कथित प्रश्न पत्र लीक के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। ईटानगर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने एक व्यक्ति को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। वह ईटानगर में एक कूरियर सेवा में कार्यरत था। राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक जिमी चिराम ने कहा कि एपीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक और उप सचिव ताकेत जेरांग द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर 44 वर्षीय दिलीप साहा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने दावा किया, जेरांग ने स्वीकार किया कि उसने साहा की मिलीभगत से प्रश्न-पत्र छापने से पहले ही लीक कर दिया था, जिसने अखबार को प्रेस तक पहुंचाया था।  

विज्ञापन

अगस्त में एपीपीएससी द्वारा आयोजित सहायक अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा के लिए एक प्रश्न पत्र के कथित लीक के मामले में हालिया गिरफ्तारी के साथ, अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जेरांग के अलावा, चार अन्य को पहले गिरफ्तार किया गया था, जिनमें एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक अखिलेश यादव, एक उम्मीदवार थॉमस गादुक, उसके पिता तान्यांग गादुक, सियांग जिले में स्कूली शिक्षा के उप निदेशक के कार्यालय में मुख्य सहायक और बिचौलिया तमा सरोह शामिल थे। 
 

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उम्मीदवार के पिता ने 2021 में अपने बेटे के लिए मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र की खरीद के लिए बिचौलिए से संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि बिचौलिए ने परीक्षा के उप नियंत्रक को रिश्वत दी थी और परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र अवैध रूप से खरीदे गए थे और उम्मीदवार को दिए गए थे। जांच के दौरान यह पाया गया कि सीलबंद प्रश्न-पत्र की नकल उप परीक्षा नियंत्रक ने की थी और बिचौलिए के माध्यम से अभ्यर्थी को भेज दी गई थी। इसके बाद उम्मीदवार ने प्राप्त प्रश्न पत्र के उत्तरों के लिए शिक्षक से साझा किया। शिक्षक ने एक अन्य छात्र को भी सवाल बताए थे। 
 

उसी छात्र ने परीक्षा के दो दिन बाद 29 अगस्त को पुलिस में कथित प्रश्न पत्र लीक होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने पर प्रारंभिक जांच की गई और 10 सितंबर को रिपोर्ट एसपी कार्यालय को सौंपी गई। बाद में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान यह पाया गया कि बिचौलिए को मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र की खरीद के लिए 2021 में उम्मीदवार के पिता द्वारा 43 लाख रुपये नकद का भुगतान किया गया था। बिचौलिए ने परीक्षा उप नियंत्रक को 15 लाख रुपये दिए थे और बाकी अपने पास रख लिए थे। एसपी ने कहा कि दोनों ने संपत्ति में पैसा लगाया था।
विज्ञापन

APPSC के सचिव जयंत कुमार रे ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवार परीक्षा में फिर से बैठने के पात्र होंगे। प्रश्न-पत्र लीक मामले में जांच के दौरान सामग्री मिलने के बाद पूरी परीक्षा प्रक्रिया दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा में सहायक अभियंता के 33 पदों के लिए कुल 415 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे। AE (सिविल) प्रारंभिक परीक्षा 12 जून को और मुख्य परीक्षा 26 और 27 अगस्त को आयोजित की गई थी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें