आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण
नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (NCVET) द्वारा तैयार किए गए इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य है कि स्कूली स्तर से ही छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का समुचित प्रशिक्षण दिया जाए। शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि यदि शुरुआती शिक्षा स्तर पर ही एआई से संबंधित ज्ञान प्रदान किया जाए, तो यह भविष्य की पीढ़ी को न सिर्फ तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, बल्कि एआई को एक चुनौती नहीं बल्कि एक अवसर के रूप में देखने की क्षमता भी देगा। इसी सोच के तहत स्कूली छात्रों और शिक्षकों के लिए चार अलग-अलग एआई ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं।
पंजीकरण की प्रक्रिया और अपार आईडी का महत्व
प्रशिक्षण लेने के लिए छात्रों को स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के समय अपार ID देना अनिवार्य होगा, जिससे छात्र की शैक्षणिक जानकारी जुड़ी रहेगी। लॉगिन के बाद छात्र को प्रशिक्षण की प्रक्रिया में भाग लेना होगा और अंत में ऑनलाइन मूल्यांकन के जरिए उसकी दक्षता जांची जाएगी।
प्रमाण-पत्र और क्रेडिट अंक की सुविधा
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ऑटोमेटिक रूप से प्रमाण-पत्र तैयार हो जाएगा, और छात्र का डेटा स्किल इंडिया डिजिटल हब व अवार्डिंग बॉडी के पास भेजा जाएगा।
- प्रत्येक मॉड्यूल पूरा करने पर छात्रों के अकादमिक खाते में 0.5 क्रेडिट अंक जुड़ेंगे।
- शिक्षकों को 45 घंटे की ट्रेनिंग पूरी करने पर 1.5 क्रेडिट अंक प्रदान किए जाएंगे।