अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अमर उजाला के 'बेटी बचाओ अभियान' में शामिल हुईं। उन्होंने अमर उजाला के बेटी बचाओ अभियान का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देखा और इस अभियान से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।
उर्मिला यहां शनिवार को केशवपुरम कल्याणपुर स्थित केडीएमए वर्ल्ड स्कूल के वार्षिक उत्सव करमांजलि-2013 में विशिष्ट अतिथि की हैसियत से हिस्सा लेने आई थीं।
इस मौके पर उन्होंने बेटी बचाओ अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि बेटी घर की लक्ष्मी है, उस पर गर्व करें। बेटियों का सम्मान करें।
साथ ही उर्मिला ने अपील की कि अमर उजाला के बेटी बचाओ मुहिम से हर कोई जरूर जुड़े, समाज को जागरूक करे और वह भी ऐसा ही करेंगी।
उल्लेखनीय है कि अमर उजाला पिछले कई साल से बेटी बचाओ अभियान चला रहा है। इसके तहत रैली निकाली गईं और कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगामी 1 से 24 जनवरी 2014 के बीच भी विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
रणवीर सिंह भी जुड़े अभियान से
अमर उजाला के बेटी बचाओ अभियान से अभिनेता रणवीर सिंह भी जुड़ चुके हैं। उन्होंने 31 अक्तूबर को बेटी बचाव अभियान का लोगो जारी किया था।
इस दौरान रणवीर ने कहा था कि मेरी लोगों से हाथ जोड़ कर अपील है कि प्लीज! बेटियों की इज्जत करना सीखिए। उनको इस दुनिया में आने दीजिए। उनसे जीने का हक मत छीनिए। हमें जन्म देने वाली भी किसी की बेटी होती है। यह कभी मत भूलिए।
रणवीर ने कहा कि बेटियों को बचाइए, कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ हाथ मिलाइए और इसे जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आगे बढ़िए। बेटियों को कमतर आंकना छोड़िए।
उन्होंने कहा था कि मेरी दिलचस्पी न्यूजपेपर पढ़ने में नहीं, लेकिन एक मीडिया हाउस के रूप में अमर उजाला का बेटी बचाओ अभियान नि:संदेह सराहनीय है। मैं इसके लिए अमर उजाला की तहे दिल से प्रशंसा करता हूं और धन्यवाद देता हूं।