नरेला औद्योगिक क्षेत्र के खेड़ाखुर्द गांव में सोमवार रात कार सवार तीन बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक के पिता ने तिहाड़ जेेल में बंद गैंगस्टर जितेंद्र गोगी पर साजिश रचकर बेटे की हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
युवक एक मामले में गवाह था और एक सप्ताह पहले जितेंद्र गोगी की शिनाख्त परेड करने तिहाड़ जेल गया था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा के मुताबिक मृतक की शिनाख्त रवि (28) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ खेड़ाखुर्द गांव में रहता था। रवि के पिता विक्रम के मुताबिक करीब नौ बजे रात वह खाना खा रहा था। इसी दौरान सबसे बड़ा बेटा रवि घर के बाहर पार्क स्कूटी लेने गया।
इसी दौरान बाहर गोली चलने की आवाज सुनने पर वह बाहर निकले तो देखा कि तीन युवक रवि पर ताबड़तोड़ गोली चला रहे थे। तीनों युवक उससे कह रहे थे कि तुम गोगी भाई की शिनाख्त करेगा।
विक्रम के शोर मचाने पर तीनों युवक गली से निकलकर सड़क पर भागे। जहां खड़ी एक कार में बैठकर सभी फरार हो गए। परिवार वाले घायल रवि को लेकर अंबेडकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विक्रम ने पुलिस को बताया कि रवि कोई काम नहीं करता था और घर में रहता था। वह गैंगस्टर जितेंद्र गोगी के प्रशांत विहार थाना के एक मामले में गवाह था। 21 जुलाई को पुलिसकर्मी उसे लेकर तिहाड़ जेल में जितेंद्र गोगी की शिनाख्त परेड करवाने गए थे। विक्रम ने आरोप लगाया कि इसी वजह से जितेंद्र ने साजिश रचकर उसके बेटे की हत्या करवाई है।