नई दिल्लीः उत्तर-पश्चिम जिले के जहांगीरपुुरी इलाके में चिकन सस्ता बेचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चापड़ और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त सिराज (35) के रूप में हुई है।
दरअस्ल बुधवार को पहले दिन सिराज ने चिकन की दुकान खोली थी। वह दूसरे दुकानदारों से सस्ता चिकन बेच रहा था। इसी बात पर हुए झगड़े में आरोपियों ने बहुत बेरहमी से सिराज की हत्या कर दी।
वारदात के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी शाह आलम को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से शाह आलम के तीन अन्य भाई फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाला सिराज अपने भाई रज्जाक के साथ जहांगीरपुरी के जी-ब्लॉक में रहता था। लॉक डाउन से पूर्व इसका स्क्रेप का कारोबार था, लेकिन फिलहाल इसका धंधा बंद था।
काम धंधा करने के लिए उसने चिकन (मुर्गा) की दुकान खोली ली। बुधवार को दुकान का पहला दिन था। पड़ोसियों ने बताया कि सिराज दूसरे दुकानदारों से 20 रुपये सस्ता चिकन बेच रहा था यह बाद दूसरे दुकानदारों को नगंवार गुजरी।
इसी बात पर वह शाम करीब चार बजे सिराज से झगड़ा करने लगे। वारदात के दौरान आरोपियों ने सिराज पर चापड़ और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
वारदात के बाद सिराज को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बाकी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।